इम्यूनिटी बूस्टर से लेकर डायबिटीज को नियंत्रित करने तक

Update: 2023-07-03 12:21 GMT
जामुन गर्मियों में खाए जाने वाला एक अत्यंत ही स्वादिष्ट फल है। जामुन मीठा होने के साथ साथ कई औषधीय गुणों का खजाना भी हैं। जामुन को ब्लैक प्लम या जावा प्लम के नाम से भी जाना जाता है। जामुन के सेवन सेहत को कई तरह से फायदे पहुंचाता हैं। ये डायरिया, गठिया, पेट दर्द, डायबिटीज, पाचन, पेचिस संबंधी कई बीमारियों को ठीक करने में फायदेमंद है। आज इस लेख में हम जानेंगे कि गर्मियों में जामुन खाने से क्या क्या फायदे होते है?
शरीर मे रक्त की मात्रा बढ़ती है
आयरन और विटामिन सी युक्त जामुन शरीर में हीमोग्लोबिन को बढ़ाता है। शरीर में हीमोग्लोबिन की मात्रा बढ़ने से रक्त ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ जाती है। जिस कारण शरीर में खून की कमी पूरी हो जाती है और आप स्वस्थ रहते हैं। इसके अलावा जामुन में उपस्थित आयरन तत्व खून को विशुद्ध करने में मदद करता है।
त्वचा सम्बन्धी बीमारियों को दूर करता है
जामुन एस्ट्रिंजेंट गुणों से युक्त होता है, जो हमारी त्वचा को स्वस्थ रखने में सहायता करता है। इसे खाने से त्वचा पर होने वाली फुंसी की समस्या खत्म हो जाती है। अगर आपकी त्वचा से तेलीय पदार्थ स्रावित होता है तो जामुन का सेवन जरूर करें। इससे त्वचा फ्रेश रहेगी। जामुन स्किन समस्याओं को दूर कर त्वचा को साफ रखने में हमारी सहायता करता है।
मोटापा भगाने में मददगार
फाइबर से भरपूर जामुन में कैलोरी बहुत कम होती है। इसमें विटामिन सी, फॉस्फोरस, आयरन, मैग्नीशियम और फोलिक एसिड भी पाया जाता है। ये सभी तत्व हमारे शरीर को स्वस्थ रखने में हमारी मदद करते है। इसके सेवन से पेट लंबे समय तक भरा हुआ रहता है, जिससे आपको बार-बार भूख का एहसास नहीं होता है। इसका नियमित सेवन बढ़ते हुए वजन को कम करने में हमारी मदद करता है।
इम्यूनिटी बूस्टर में सहायक
जामुन में विटामिन, मिनरल, एंटी ऑक्सीडेंट्स होते हैं। जो इम्यून सिस्टम को मजबूत करके शरीर का स्टैमिना बढ़ाते हैं। और हमें स्वस्थ रखने में सहायक होते है।
दांतों के लिए लाभदायक
जामुन, मसूड़ों और दांतों के लिए लाभदायक होता है। जामुन की पत्तियों में एंटी बैक्टीरियल तत्व होते हैं। इसका सेवन मसूड़ों से निकलने वाले खून को रोकने में सहायता करता है साथ ही यह संक्रमण को फैलने से रोकता है। जामुन की पत्तियों को सुखाकर टूथ पाउडर के रूप में प्रयोग किया जा सकता हैं। इसमें एस्ट्रिंजेंट गुण होते हैं जो मुंह के छालों को ठीक करने में भी सहायता करता है। इसके अलावा, मुंह के छालों में जामुन की छाल के काढ़े का इस्तेमाल करना भी फायदेमंद होता है।
हृदय के लिए लाभदायक
पोटैशियम से भरपूर जामुन, दिल के लिए बेहद लाभदायक होता है। प्रति 100 ग्राम जामुन में लगभग 55 मिलीग्राम से ज़्यादा पोटेशियम मौजूद होता है। हाई ब्लड प्रेशर, हृदय से जुड़ी बीमारी और हार्ट अटैक जैसी बीमारियों के खतरे को दूर रखने में ये फल लाभदायक होता है। जामुन धमनियों को स्वस्थ रखता है और उसे सख्त होने से रोकता है।
इंफेक्शन को रोकने में सहायक
जामुन में एंटी बैक्टीरियल, एंटी इंफेक्टिव और एंटी मलेरियल गुण होते हैं। इसके साथ ही जामुन में मैलिक एसिड, टैनिन, गैलिक एसिड, ऑक्सैलिक एसिड और बेट्यूलिक एसिड भी होते हैं। इसके सेवन से शरीर में कॉमन इंफेक्शन भी दूर रहता है।
Tags:    

Similar News