सफेद कपड़ों को नए जैसा बनाए रखने के लिए आज़माएं ये कुछ आसान से टिप्स

आसान नुस्खे जिससे आपके सफेद कपड़े हमेशा चमकते रहेंगे

Update: 2022-02-26 01:37 GMT

जनता से रिश्ता वेबडेस्क।  सफेद कपड़े (White clothes) पहनना लगभग हर किसी को पसंद होता है लेकिन हम इसे लेने से कतराते हैं। जब हम सफेद कपड़ा खरीदते रहते हैं तो अक्सर हमारे दिमाग में चलता है कि यह लें या कोई और रंग देख लें। सफेद कपड़ा न लेने का एक कारण यह है कि कुछ समय बाद सफेद कपड़े में कई दाग दिखने लगते हैं।

सफेद रंग ही ऐसा है जिसको मेंटेन रखने के लिए आपको मेहनत करनी पड़ती है लेकिन यह रंग हर किसी पर खिलता है और आपकी खूबसूरती को बढ़ाता है। यदि आप भी सफेद कपड़े से इसलिए दूरी बनाए हैं क्योंकि आपको लगता है कि कुछ समय में यह पुराना दिखने लगेगा तो आप गलत सोच रहे हैं। आज हम आपको कुछ ऐसे ही आसान नुस्खे बताएंगे जिससे आपके सफेद कपड़े हमेशा चमकते रहेंगे और आपको नये कपड़े पहनने की फीलिंग देंगे।

— नींबू का रस

एक बाल्टी गर्म पानी में 2 बड़े चम्मच नींंबू का रस डालें। पांच मिनट बाद सफेद कपड़ों को इसमें भिगो दें। कपड़ों को लगभग एक घंटे तक भीगने दें और फिर साधारण तरीक़े से धो लें। कपड़ों का पीलापन चला जाएगा।
— ब्लीच
आधी बाल्टी गर्म पानी में आधा कप ब्लीच मिलाएं। इसमें सफेद कपड़ों को 10 मिनट के लिए भिगो दें। इसके बाद सामान्य रूप से धो लें। यदि एक बार में पीलापन नहीं जाता है तो इस प्रक्रिया को एक-दो बार दोहराएं। ब्लीच का इस्तेमाल कॉटन के कपड़ों पर ही किया जाना चाहिए।
— बेकिंग सोडा
आधी बाल्टी पानी लें और उसमें 1 कप बेकिंग सोडा मिलाएं। फिर इसमें कपड़ों को एक घंटे के लिए भिगो दें। इसके बाद उन्हें सामान्य डिटर्जेंट में धो लें। कपड़ों का पीलापन काफ़ी हद तक दूर हो जाएगा।
— सफ़ेद सिरका
कपड़ों को धोने के बाद आख़िर में पानी में कप सिरका मिलाएं। इस पानी में डालकर कपड़ों को कुछ देर छोड़ दें फिर निचोड़कर सुखा दें। पीलापन काफ़ी हद तक चला जाएगा। सिल्क या रेयॉन कपड़ों पर सिरके का प्रयोग ना करें।
— एस्पिरिन
सफेद कपड़ों को उनकी सफेदी बरकरार रखने में एस्पिरिन काफ़ी मददगार साबित होती है। एक बाल्टी गर्म पानी में 5 एस्पिरिन डालें। सफेद कपड़ों को इस घोल में 8 घंटे के लिए भिगो दें फिर सामान्य रूप से धो लें। वॉशिंग मशीन में कपड़े धोते समय भी 2-4 एस्पिरिन डाल सकते हैं, लेकिन कपड़े भिगोकर रखना अधिक कारगर इलाज है।
— पसीने के दाग़
पसीने के दाग़ सफेद कपड़ों में पीलापन ला देते हैं। इन्हें हटाने के लिए दाग़ पर नींबू का रस निचोड़ें और कुछ देर टूथ ब्रश की मदद से रगड़ें। लगभग 1 घंटे बाद कपड़े धो लें। दाग़ काफ़ी हद तक साफ़ हो जाएंगे। इसी तरह सिरके का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
ये सावधानियां भी रखें
— सफेद कपड़ों को गर्म पानी में धोएं। इससे उनमें जमी गंदगी दूर हो जाएगी।
— नए सफेद कपड़ों को पुराने कपड़ों के साथ ना धोएं। इससे पुराने कपड़ों में जमी धूल नए कपड़ों में जम सकती है।
— अधिक डिटर्जेंट से कपड़े साफ़ हो जाएंगे इस धारणा को बदलें। सफेद कपड़ों को धोने के लिए सीमित मात्रा में ही डिटर्जेंट का इस्तेमाल करें।
— वॉशिंग मशीन में कपड़े धोने के बाद मशीन को साधारण पानी से साफ़ करके रखें।


Tags:    

Similar News

-->