दीपिका कक्कड़ ने प्रेग्नेंसी में लिया बड़ा फैसला

एक्टिंग छोड़ने के एलान से तोड़ा फैंस का दिल

Update: 2023-05-29 17:44 GMT

जनता से रिश्ता वेबडेस्क | छोटे पर्दे के पॉपुलर शो 'ससुराल सिमर का' में सिमर का किरदार निभाकर घर-घर अपनी पहचान बनाने वालीं एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ प्रेग्नेंट हैं। एक्ट्रेस इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं। दीपिका पति शोएब इब्राहिम के साथ क्वालिटी टाइम स्पैंड कर रही हैं, जिसकी झलकियां वह समय-समय पर अपने सोशल मीडिया अकाउंट और व्लॉग के जरिए दिखाती रहती हैं। इसी कड़ी में दीपिका के फैंस के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। एक्ट्रेस ने एक्टिंग छोड़ने का फैसला कर लिया है, साथ ही अपने बयान से हेडलाइंस का हिस्सा बन गई हैं।

प्रेग्नेंसी पीरियड को एन्जॉय कर रहीं दीपिका ने खुलासा किया है कि वह अपने पहले बच्चे का स्वागत करने के बाद एक हाउस वाइफ और मां का जीवन जीना चाहती हैं। एक्ट्रेस ने अपने हालिया इंटरव्यू में बताया, 'मैं प्रेग्नेंसी के इस फेज का आनंद ले रही हूं और अपने पहले बच्चे का स्वागत करने वाली हूं। उत्साह दूसरे स्तर पर है।'

दीपिका ने अपनी बात में आगे जोड़ा, 'मैंने बहुत कम उम्र में काम करना शुरू कर दिया था और लगभग 10-15 वर्ष तक लगातार काम करती रही। जैसे ही मेरी प्रेग्नेंसी की यात्रा शुरू हुई, मैंने शोएब से कहा कि मैं काम नहीं करना चाहती और एक्टिंग छोड़ना चाहती हूं। मैं एक हाउस वाइफ और मां के रूप में जीवन जीना चाहती हूं।'

दीपिका कक्कड़ ने वर्ष 2023 के जनवरी महीने में अपनी प्रेग्नेंसी की घोषणा की थी। एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर अपने फोटोशूट की एक प्यारी तस्वीर साझा करते हुए लिखा था, 'इस खबर को आप सभी के साथ कृतज्ञता, खुशी, उत्साह और घबराहट से भरे दिल के साथ साझा कर रही हूं। हमारी लाइफ का ये सबसे खूबसूरत फेज है। हां, हम अपने पहले बच्चे की उम्मीद कर रहे हैं। आपकी ढेर सारी दुआओं और प्यार की जरूरत है।' दीपिका कक्कड़, शोएब इब्राहिम के साथ 22 फरवरी 2018 को शादी के बंधन में बंधी थीं।

दीपिका कक्कड़ के करियर की बात करें तो उन्होंने वर्ष 2010 में 'नीर भरे तेरे नैना देवी' में लक्ष्मी के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह 'अगले जन्म मोहे बिटिया ही कीजो' में रेखा के किरदार में नजर आईं। एक्ट्रेस को सबसे ज्यादा पॉपुलैरिटी शो 'ससुराल सिमर का' से हासिल हुई।

Tags:    

Similar News