नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार की श्रीलंका यात्रा, त्रिंकोमाली में कमीशनिंग परेड के मुख्य अतिथि

Update: 2022-12-12 15:09 GMT
नई दिल्ली, (आईएएनएस)| नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार 13 से 16 दिसंबर तक श्रीलंका का दौरा करेंगे। नौसेना प्रमुख को नेवल एंड मेरीटाइम एकेडमी, त्रिंकोमाली में कमीशनिंग परेड के लिए मुख्य अतिथि और समीक्षा अधिकारी के रूप में दिनांक 15 दिसंबर को श्रीलंका द्वारा आमंत्रित किया गया है।
इस यात्रा के दौरान नौसेना प्रमुख श्रीलंका के वरिष्ठ राजनीतिक एवं रक्षा नेतृत्व के साथ बातचीत करेंगे। वह श्रीलंका सशस्त्र बलों के अन्य रक्षा प्रतिष्ठानों का भी दौरा करेंगे और विभिन्न द्विपक्षीय रक्षा सहयोग गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
भारतीय नौसेना वार्षिक स्टाफ वार्ता के माध्यम से नियमित रूप से श्रीलंका नौसेना के साथ बातचीत करती है और नियमित रूप से अनेक सैन्य अभियानगत गतिविधियों का संचालन करती है। नौसेना ने बताया कि भारतीय नौसेना श्रीलंकाई नौसेना की क्षमता में वृद्धि संबंधी कदमों में भी साथ देती है जैसे कि स्वदेशी रूप से निर्मित अपतटीय गश्ती पोत (ओपीवी) एवं अगस्त 2022 से श्रीलंका में तैनात भारतीय नौसेना के डोर्नियर विमान जैसे नौसेना प्लेटफार्मों की तैनाती भी शामिल हैं।
इसके अलावा भारतीय नौसेना भारत में श्रीलंका नौसेना कर्मियों के प्रशिक्षण सहित विभिन्न क्षमता वृद्धि परियोजनाओं में सक्रिय रूप से लगी हुई है। श्रीलंकाई नौसेना भारतीय नौसेना द्वारा आयोजित विभिन्न बहुपक्षीय कार्यक्रमों में एक नियमित भागीदार है, जैसे कि मिलन, गोवा मैरीटाइम कॉन्क्लेव, एडमिरल कप सेलिंग रेगाटा इत्यादि। आगामी यात्रा श्रीलंका के साथ विशेष रूप से समुद्री क्षेत्र में लंबे समय से चले आ रहे द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और आगे बढ़ाएगी।
गौरतलब है कि हिंद महासागर क्षेत्र में भारतीय नौसेना और इंडोनेशियाई नौसेना ने साथ मिलकर संयुक्त पेट्रोलिंग अभियान भी शुरू किया है। इस अभियान का उद्देश्य समुद्री डकैती, समुद्री आतंकवाद, सशस्त्र डकैती, मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध मछली पकड़ने पर रोक लगाने में संबंधित संस्थाओं की मदद करना है।
2 देशों की इस बड़ी पहल के अंतर्गत भारतीय नौसेना और इंडोनेशियाई नौसेना के बीच भारत-इंडोनेशिया समन्वित गश्त का 39वां संस्करण शुरू किया गया है। 8 दिसंबर से शुरू होकर यह संयुक्त अभियान 19 दिसंबर 2022 तक जारी रहेगा। इसके अंतर्गत भारतीय नौसेना का जहाज आईएनएस कर्मुक जो एक स्वदेशी मिसाइल कार्वेट, ने इंडोनेशिया के बेलवान में एक पूर्व-तैनाती ब्रीफिंग में भाग लिया।
अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा के साथ संयुक्त गश्त 15 से 16 दिसंबर तक आयोजित की जाएगी और पोर्ट ब्लेयर में साथ समाप्त होगी। आईएनएस कर्मुक के साथ एल-58 (स्वदेशी लैंडिंग क्राफ्ट यूटिलिटी वेसल) और डोर्नियर मैरीटाइम पेट्रोल एयरक्राफ्टभी इस गश्त में भाग लेंगे।
--आईएएनएस
Tags:    

Similar News

-->