नकली दवाओं की दूसरी फैक्ट्री का भंडाफोड़, देखें VIDEO...
STF ने फिर पकड़ी नकली दवा फैक्ट्री
जनता से रिश्ता की खबर सच निकली
जनता से रिश्ता के खबर का असर
देशभर में चल रहे नकली दवाइयों के कारोबार के खिलाफ जनता से रिश्ता लगातार आवाज उठाता रहा है। हमारी खबरों में उठाए गए गंभीर सवालों के बीच नकली दवा बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। यह कार्रवाई जनस्वास्थ्य से जुड़े बड़े खतरे को उजागर करती है। जनता से रिश्ता ने हमेशा आम जनता की सेहत और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नकली दवाइयों के खिलाफ लगातार खबरें प्रकाशित की हैं। हमारी मुहिम आगे भी जारी रहेगी, ताकि लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई हो सके।
सोलन। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP-STF) की मेरठ टीम ने हिमाचल प्रदेश में नकली दवाओं के कारोबार के खिलाफ लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई की है। एसटीएफ ने गुरुवार को सोलन में संचालित एक और नकली दवा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान कई तरह की नकली दवाएं और सिरप मिले हैं।
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि फैक्ट्री में मक्का के दानों यानी पॉपकॉर्न के पाउडर से नकली दवाएं बनाई जा रही थीं। इसके अलावा विभिन्न प्रकार के नकली सिरप भी तैयार किए जा रहे थे। इस खुलासे से नकली दवाओं के कारोबार की गंभीरता सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, मेरठ एसटीएफ ने बुधवार को नकली दवाओं के कारोबार से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों से पूछताछ के दौरान दूसरी फैक्ट्री के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसी जानकारी के आधार पर एसटीएफ की टीम ने गुरुवार को सोलन में दोबारा कार्रवाई की और एक अन्य नकली दवा फैक्ट्री का पर्दाफाश किया।
हिमाचल प्रदेश में इस पूरे अभियान का नेतृत्व एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार सिंह कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में मेरठ एसटीएफ की टीम नकली दवाओं के निर्माण और वितरण से जुड़े नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में तैयार नकली दवाओं की सप्लाई हिमाचल प्रदेश तक सीमित नहीं थी। इस नेटवर्क के माध्यम से उत्तर प्रदेश, दिल्ली सहित कई अन्य राज्यों में भी नकली दवाएं पहुंचाई जा रही थीं।
लगातार दो दिनों में नकली दवाओं की दो फैक्ट्रियों का खुलासा होना इस मामले में महत्वपूर्ण घटनाक्रम है। अब एसटीएफ के सामने नकली दवाओं की आपूर्ति से जुड़े लोगों और उनके वितरण नेटवर्क का पता लगाने की चुनौती है। नकली दवाओं और सिरप के निर्माण का यह मामला बेहद गंभीर है, क्योंकि इसका सीधा संबंध मरीजों के स्वास्थ्य से जुड़ा हुआ है। फिलहाल एसटीएफ की कार्रवाई और मामले की जांच जारी है।