परिवार के साहसिक फैसले से दो सैनिकों को मिली नई जिंदगी
दो सैनिकों को मिला जीवनदान
नई दिल्ली: एक परिवार के साहसिक और मानवता से भरे फैसले ने सड़क हादसे में जान गंवाने वाले 27 वर्षीय युवक की मौत को दो सैनिकों के लिए नई जिंदगी की उम्मीद में बदल दिया। ब्रेन डेड घोषित किए गए युवक के परिजनों ने अंगदान का निर्णय लिया, जिसके बाद उसका लिवर और एक किडनी सेना के दो जवानों में सफलतापूर्वक प्रत्यारोपित की गई। यह अंगदान नई दिल्ली स्थित जेपीएन एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में किया गया। युवक की हालत गंभीर होने के बाद डॉक्टरों ने उसे ब्रेन डेड घोषित किया था। इसके बाद परिवार ने दुख की घड़ी में बड़ा फैसला लेते हुए उसके अंगों को जरूरतमंद मरीजों को दान करने की सहमति दी। परिवार के इस निर्णय से दो सेना के जवानों को जीवन बचाने का मौका मिला। युवक का लिवर और किडनी निकालकर सुरक्षित तरीके से सेना के अस्पताल रिसर्च एंड रेफरल (R&R) पहुंचाया गया, जहां दोनों अंगों का सफल प्रत्यारोपण किया गया। फिलहाल दोनों जवानों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और वे स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं।