दिल्ली सरकार का आज हर हाथ तिरंगा कार्यक्रम, 100 जगह शामिल होंगे सीएम केजरीवाल

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर दिल्ली सरकार की ओर से रविवार को हर हाथ तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

Update: 2022-08-14 02:16 GMT

फाइल फोटो 

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर दिल्ली सरकार की ओर से रविवार को हर हाथ तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही रविवार को शाम पांच बजे तिरंगे के साथ राष्ट्रगान भी होगा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल खुद रविवार को त्यागराज स्टेडियम में आयोजित इसी तरह के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। उनके साथ उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत अन्य लोग मौजूद रहेंगे।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कुछ दिन पहले दिल्लीवालों से रविवार को शाम पांच बजे हाथ में तिरंगा लेकर राष्ट्रगान की अपील की थी। उन्होंने कहा कि दिल्लीभर में 100 जगह कार्यक्रम भी होंगे। वह खुद भी इसमें शिरकत करेंगे। त्यागराज स्टेडियम के अलावा सभी विधानसभा में विधायकों की मौजूदगी में ये कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा सरकार दिल्लीभर में 25 लाख तिरंगा भी बांट रही है। स्कूलों में बच्चों को भी तिरंगे का वितरण किया गया है।
हर मेट्रो स्टेशन पर तिरंगा लगाया जा रहा
हर घर तिरंगा अभियान के तहत डीएमआरसी की ओर से हर मेट्रो स्टेशन पर तिरंगा लगाया जा रहा है। शनिवार को डीएमआरसी के एमडी विकास कुमार ने वरिष्ठ अधिकारियों और सीआईएसएफ कर्मियों की मौजूदगी में आईएनए मेट्रो स्टेशन पर राष्ट्रीय ध्वज लगाया। साथ ही दिलशाद गार्डन, इंद्रलोक, विधानसभा, केंद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन, लोक कल्याण मार्ग, जोर बाग, बाराखंबा रोड, मंडी हाउस समेत 22 स्टेशनों पर तिरंगा लगाया गया।
सिविक सेंटर पर नजर आएगा राष्ट्रीय ध्वज
दिल्ली की सबसे ऊंची इमारत नगर निगम मुख्यालय सिविक सेंटर पर प्रोजेक्टर के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज नजर आएगा। निगम का कहना है कि इस इमारत की ऊंचाई करीब 112 मीटर है। अधिक ऊंचाई की वजह से अधिक हवा के दबाव के कारण रस्सी, रोशनी या फेयरी लाइट लगाकर इमारत की सजावट करने के पारंपरिक तरीके संभव नहीं थे। इन सभी परेशानियों को देखते हुए प्रोजेक्टर के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज को प्रक्षेपित करने का निर्णय लिया गया।
स्कूलो में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम
आजादी का अमृत महोत्सव को लेकर दिल्ली के सरकारी और निजी स्कूलों में शनिवार को स्वतंत्रता समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर छात्रों ने देशभक्ति पर आधारित कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। भारत माता की जय और हिन्दुस्तान जिंदाबाद के नारों से स्कूल परिसर गूंज उठे। जामा मस्जिद स्थित राजकीय सर्वोदय बाल विद्यालय नंबर-1 के स्कूल प्रमुख गय्यूर अहमद ने बताया कि स्कूल में उत्साह के साथ छात्रों ने स्वतंत्रता समारोह मनाया। तिरंगा फहराया गया और राष्ट्रगान हुआ। छात्रों को देश की आजादी के बारे में बताया गया।
Tags:    

Similar News