पति ने अपनी ही पत्नी पर किया चाकू से ताबड़तोड़ हमला, चाकू महिला के कंधे में फसा पति मौके से फरार

महिला को देखकर पुलिसकर्मियों ने उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया और उसके बयान पर मामला दर्ज कर लिया

Update: 2022-02-13 07:54 GMT

फाइल फोटो 

जनता से रिस्ता वेबडेसक: दिल्ली के कंझावला इलाके में बच्चों से मिलने आई एक महिला की पति ने पिटाई कर दी और उसपर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला के दौरान चाकू महिला के कंधे में धंस गया और उसका हत्था टूट गया। वारदात को अंजाम देने के बाद पति मौके से फरार हो गया।

घायल अवस्था में महिला खुद ही थाने पहुंची। महिला को देखकर पुलिसकर्मियों ने उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया और उसके बयान पर मामला दर्ज कर लिया। शुक्रवार को पुलिस ने मामले पर कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। 
जांच में पता चला कि पारिवारिक विवाद की वजह से महिला कुछ माह से पति और बच्चों से अलग किराए के मकान में रह रही थी। घायल महिला की पहचान मनीषा (27) के रूप में हुई है। वह कंझावला में एक किराए के मकान में अकेली रहती है। वह एक निजी अस्पताल में काम करती है।
बृहस्पतिवार रात मनीषा घायल अवस्था में कंझावला थाना पहुंची। उसके कंधे में सब्जी काटने वाला चाकू धंसा हुआ था। खून से लथपथ महिला को देखकर पुलिसकर्मियों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
मनीषा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि अप्रैल 2012 को उसकी कंझावला निवासी संदीप से शादी हुई थी। उसके छह साल की लड़की व चार साल का लड़का है। दोनों बच्चों का जन्मदिन 10 और 11 फरवरी को होता है।
संदीप प्राईवेट कंपनी में काम करता था, लेकिन कुछ महीने से बेरोजगार है। वह छोटी-छोटी बातों पर उसके साथ मारपीट करता था। जिससे परेशान होकर वह पिछले दस दिन से बरवाला गांव में किराये के मकान में अकेली रह रही है।
बच्चों के जन्मदिन होने की वजह से वह 10 फरवरी को बच्चों के लिए कपड़े लेकर वहां पहुंची थी। आरोप है कि मनीषा को देखते ही संदीप उसे कमरे में ले गया और दरवाजा बंद कर उसकी पिटाई करने लगा। उसने सब्जी काटने वाले चाकू से उसपर हमला कर दिया।
कंधे में चाकू घोंपने के दौरान उसका हत्था टूट गया और चाकू कंधे में धंस गया। घटना को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया। घायल मनीषा किसी तरह से थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
Tags:    

Similar News