नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के स्थापना दिवस के अवसर पर सभी जवानों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की सुरक्षा, शांति और एकता के लिए सीआरपीएफ के साहस, समर्पण और उत्कृष्ट सेवा की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सीआरपीएफ के जवान हर परिस्थिति में राष्ट्र की सेवा के लिए तत्पर रहते हैं और उनका अनुशासन, पराक्रम तथा कर्तव्यनिष्ठा पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने विशेष रूप से माओवादी हिंसा से निपटने, आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने तथा प्रभावित क्षेत्रों में शांति और विकास को बढ़ावा देने में सीआरपीएफ की महत्वपूर्ण भूमिका की प्रशंसा की। पीएम मोदी ने कहा कि बल के जवानों का योगदान देश की सुरक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि सीआरपीएफ आगे भी इसी समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ राष्ट्र की सेवा करता रहेगा और देशवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपनी अहम भूमिका निभाता रहेगा।