Noida: महिला सशक्तिकरण पर बैठक में मंत्री कमलावती सिंह ने दिए स्पष्ट निर्देश
"छात्रावास में हुई जांच"
नोएडा: महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर नोएडा के सेक्टर-38 स्थित शक्ति सदन गेस्ट हाउस में मंगलवार को एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष और राज्य मंत्री (दर्जा प्राप्त) कमलावती सिंह ने की।
बैठक में प्रोबेशन, समाज कल्याण, बेसिक शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तिकरण और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अधिकारी शामिल हुए। मंत्री कमलावती सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद महिला तक पहुंचे। इसके लिए गांव-गांव जागरूकता अभियान और विशेष शिविर लगाए जाएं।
उन्होंने कहा कि लक्ष्यों की पूर्ति के लिए सभी अधिकारी पूरी मेहनत और ईमानदारी से काम करें। बैठक में सभी विभागों ने अपनी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट पेश की और अब तक किए गए कार्यों की जानकारी दी।
बैठक के बाद मंत्री ने नोएडा सेक्टर-62 स्थित महिला छात्रावास का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने छात्रावास की साफ-सफाई, सुरक्षा, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं की गहन जांच की।
निरीक्षण के दौरान कमलावती सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्राओं को स्वच्छ, सुरक्षित और अच्छा माहौल मिलना चाहिए। उन्होंने भोजन और सफाई व्यवस्था को और बेहतर करने के लिए जरूरी कदम उठाने को भी कहा।
इस अवसर पर समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर, कार्यक्रम अधिकारी पूनम तिवारी सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।