Delhi तिलक नगर स्थित MCD के माता गुजरी अस्पताल में 13-बिस्तर वाला नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट (NICU) शुरू किया गया। साथ ही, आंखों और हड्डियों के इलाज के लिए नए उपकरण भी लगाए गए। मेयर प्रवेश वाही ने इन सुविधाओं का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान वाही ने प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PMJAY) के लाभार्थियों और MCD कर्मचारियों के लिए एक वार्ड का भी उद्घाटन किया।
नया खुला NICU अस्पताल में गंभीर रूप से बीमार नवजात शिशुओं को गहन देखभाल और निगरानी की सुविधा देगा। अस्पताल में कलर डॉपलर अल्ट्रासाउंड मशीन, हड्डियों की सर्जरी के लिए C-आर्म मशीन, ऑप्टिकल कोहेरेंस टोमोग्राफी (OCT) मशीन और आंखों के इलाज के लिए फाको मशीन भी लगाई गई है। वाही ने कहा कि जल्द ही अस्पताल में CT स्कैन मशीन भी लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में अब ई-रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध है और कलर-कोडेड सिस्टम के तहत रोज़ाना बेड शीट बदली जा रही हैं।
MCD के अनुसार, अस्पताल की OPD में हर दिन 1,600 से ज़्यादा मरीज़ आते हैं। स्टैंडिंग कमेटी की चेयरपर्सन सत्या शर्मा ने कहा कि हेल्थकेयर में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से अस्पताल की कार्यक्षमता बेहतर होगी और मरीज़ों को बेहतर सुविधाएं देने में मदद मिलेगी। वेस्ट ज़ोन वार्ड कमेटी के चेयरमैन हरीश ओबेरॉय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए, जबकि इलाके के पार्षद अशोक मनु ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।