नई दिल्ली: मौसम विभाग ने 3 व 4 जनवरी को घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि 5 व 6 जनवरी को बारिश की संभावना जताई है। सुबह घने कोहरे ने वाहन चालकों को परेशान किया। धूप देर से निकली, लेकिन तपिश कम होने से लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिली।

अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 16.2 और न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिल्ली में सबसे ठंडा पालम रहा जहां अधिकतम तापमान 13.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री दर्ज हुआ। पालम में दृश्यता सुबह 6 बजे शून्य थी। मौसम विभाग का कहना है कि 3 से 7 जनवरी तक अधिकतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं।

दो दिन पहले हवा में नमी का स्तर 70 फीसदी से लेकर 97 फीसदी रहा। प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अधिकतम तापमान 15 डिग्री दर्ज किया गया। दिनभर ठंडी हवाएं चलती रहीं। धूप निकलने के बाद भी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिली। रात के समय ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा लेते दिखे। नरेला इलाके में न्यूनतम तापमान सबसे कम 6.1 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, पालम व पूसा में 7, रिज में 7.2 व लोधी रोड में 7.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।

Tags: