दिल्ली को मिलीं 100 नई इलेक्ट्रिक बसें, CM रेखा गुप्ता ने दिखाई हरी झंडी
दिल्ली से हापुड़ का सफर होगा आसान, हर 20 मिनट में मिलेगी इलेक्ट्रिक बस
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने और प्रदूषण कम करने की दिशा में शुक्रवार को 100 नई इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आईएसबीटी कश्मीरी गेट से इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर आनंद विहार आईएसबीटी से उत्तर प्रदेश के हापुड़ तक अंतरराज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवा भी शुरू की गई। इस नई सेवा से दिल्ली, गाजियाबाद, पिलखुवा और हापुड़ के बीच रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की परिवहन व्यवस्था को केवल राजधानी की सीमाओं तक सीमित नहीं रखा जा सकता। एनसीआर और पड़ोसी राज्यों के विभिन्न शहरों से बड़ी संख्या में लोग रोजगार, व्यापार, शिक्षा और अन्य कार्यों के लिए प्रतिदिन दिल्ली आते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास इन शहरों के बीच सार्वजनिक परिवहन की कनेक्टिविटी मजबूत करना है, ताकि लोगों को निजी वाहनों पर कम निर्भर रहना पड़े। इससे सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा और यातायात जाम तथा प्रदूषण नियंत्रण में मदद मिलेगी।
दिल्ली के परिवहन बेड़े में शामिल की गई 100 नई इलेक्ट्रिक बसों में 50 बसें नौ मीटर और 50 बसें 12 मीटर लंबी हैं। सभी बसें वातानुकूलित और लो-फ्लोर सुविधा से युक्त हैं।
यात्रियों की सुरक्षा के लिए बसों में सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन और रियल टाइम ट्रैकिंग सिस्टम लगाए गए हैं। इसके अलावा दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
इन बसों के शामिल होने के बाद दिल्ली का कुल बस बेड़ा बढ़कर 7,088 हो गया है। इनमें 5,338 इलेक्ट्रिक और 1,750 सीएनजी बसें शामिल हैं।
दिल्ली सरकार ने आनंद विहार आईएसबीटी से हापुड़ बस स्टेशन के बीच 12 इलेक्ट्रिक बसों की अंतरराज्यीय सेवा भी शुरू की है। इस रूट पर निर्धारित संचालन अवधि के दौरान दोनों दिशाओं में हर 20 मिनट के अंतराल पर बसें उपलब्ध होंगी।
नई बस सेवा दिल्ली से गाजियाबाद, पिलखुवा और हापुड़ आने-जाने वाले दैनिक यात्रियों के लिए उपयोगी साबित होगी। इस रूट का किराया 124 रुपये निर्धारित किया गया है।
बसें गढ़ोली-उत्तर प्रदेश बॉर्डर, डाबर, मोहन नगर, न्यू और ओल्ड गाजियाबाद बस स्टैंड, हापुड़ चुंगी, आईएमएस कॉलेज डासना, मसूरी, छिजारसी, कुलेच नगर, पिलखुवा और निजामपुर सहित प्रमुख स्थानों से होकर गुजरेंगी।
परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2028-29 तक दिल्ली के कुल बस बेड़े को लगभग 14 हजार तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। दिल्ली से पानीपत और करनाल के लिए भी अंतरराज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवाएं शुरू की गई हैं।
परिवहन मंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों का विस्तार होने से सार्वजनिक परिवहन की सुविधाएं बेहतर होंगी और प्रदूषण कम करने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।
दिल्ली सरकार का उद्देश्य राजधानी और आसपास के शहरों के बीच सुरक्षित, आरामदायक और भरोसेमंद परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराना है। नई इलेक्ट्रिक बसों और अंतरराज्यीय सेवाओं के विस्तार से यात्रियों को निजी वाहनों के मुकाबले सार्वजनिक परिवहन का बेहतर विकल्प मिल सकेगा।