आप अपने बच्चे के नाम से भी अकाउंट खोल सकते हैं. अगर बच्चा 10 साल से कम उम्र का है तो उसके नाम पर उसके माता-पिता या लीगल गार्जियन की ओर से अकाउंट खोला जा सकता है. बच्चे की उम्र 10 साल होने पर वह खुद भी अकाउंट के संचालन का अधिकार पा सकता है. वहीं, एडल्ट होने पर उसे खुद जिम्मेदारी मिल जाती है.
मंथली इन्वेस्टमेंट स्कीम अकाउंट कोई भी खोल सकता है. अगर आप का अकाउंट सिंगल है तो आप इसमें 4.5 लाख रुपये तक अधिकतम जमा कर सकते हैं. इसमें कम से कम 1,000 रुपये की राशि जमा की जा सकती है. वहीं अगर आपका अकाउंट ज्वॉइंट है तो इसमें अधिकतम 9 लाख रुपये जमा किए जा सकते हैं.एक शख्स एक से ज्यादा लेकिन पोस्ट ऑफिस द्वारा तय लिमिट के अनुसार अकाउंट खोल सकता है. इसमें जमा की जाने वाली रकम पर और उससे आपको मिलने वाली ब्याज पर किसी तरह की टैक्स छूट का लाभ नहीं मिलता है. हालांकि इससे आपको होने वाली कमाई पर डाकघर किसी तरह का TDS नहीं कटता, लेकिन जो ब्याज आपको मंथली मिलती है, उसके एनुअल टोटल पर आपकी टैक्सेबल इनकम में शामिल किया जाता है.
हर महीने कितनी होगी आमदनी?
हर महीने के इनकम स्कीम के तहत 6.6 फीसदी सालाना ब्याज मिलता है. इस सालाना ब्याज को 12 महीनों में बांट दिया जाता है, जो आपको मंथली बेसिस पर मिलता रहता है. अगर आपने 9 लाख रुपये जमा किए हैं तो आपका सालाना ब्याज करीब 59,400 रुपये होगा. इस लिहाज से आपको हर महीने करीब 4,950 रुपये की आय होगी. 4,950 रुपये आपको हर महीने मिलेंगे, वहीं आपका 9 लाख रुपये मेच्योरिटी पीरियड के बाद कुछ और बोनस जोड़कर वापस मिल जाएगा. हर महीने नहीं निकाले पैसा तो- अगर आप हर महीने पैसा न निकालें तो वह आपके पोस्ट ऑफिस सेविंग अकाउंट में रहेगी और मूलधन के साथ इस धन को भी जोड़कर आपको आगे ब्याज मिलेगा.
कितने साल में होगी पूरी?
स्कीम के लिए मेच्योरिटी पीरियड 5 साल है. 5 साल बाद आप अपनी पूंजी को फिर इस योजना में निवेश कर सकते हैं.
कैसे खुलेगा खाता?
आप अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी पोस्ट ऑफिस में जाकर अकाउंट खुलवा सकते हैं. इसके लिए आपको आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड, राशन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस में से किसी एक की फोटो कॉपी जमा करनी होगी. इसके अलावा एड्रेस प्रूफ जमा करना होगा, जिसमें आपका पहचान पत्र भी काम आ सकता है. इसके अलावा आपको 2 पासपोर्ट साइज के फोटोग्राफ जमा करने होंगे.
मेच्योरिटी के पहले पैसा निकालें तो?
अगर किसी जरूरत पर आपको मेच्योरिटी से पहले ही पूरा पैसा निकालना पड़ गया तो यह सुविधा आपको अकाउंट के 1 साल पूरा होने पर मिल जाती है. अकाउंट खोलने की तारीख से 1 साल से 3 साल तक पुराने अकाउंट होने पर, उसमें जमा रकम में से 2% काटकर बाकी रकम आपको वापस मिलती है. 3 साल से ज्यादा पुराना अकाउंट होने पर, उसमें जमा रकम में से 1 फीसदी काटकर बाकी रकम आपको वापस मिलती है.