विश्व

दुनियां में कोरोना से हालत बद्तर, यूरोप में दूसरी लहर, जर्मनी में लॉकडाउन, फ्रांस में बढ़े COVID-19 के नए केस

Gulabi
2 Nov 2020 3:41 PM GMT
दुनियां में कोरोना से हालत बद्तर, यूरोप में दूसरी लहर, जर्मनी में लॉकडाउन, फ्रांस में बढ़े COVID-19 के नए केस
x

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। यूरोप में कोरोना महामारी की दूसरी लहर गहराती जा रही है। इससे निपटने के लिए कई यूरोपीय देशों में सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कवायद में जर्मनी में आंशिक लॉकडाउन सोमवार से चार हफ्तों के लिए प्रभावी कर दिया गया। नई पाबंदियों के तहत रेस्तरां, बार और सिनेमाहाल इस महीने के आखिर तक बंद रहेंगे। जबकि फ्रांस में महामारी तेज गति से बढ़ रही है। इस देश में पहले ही एक दिसंबर तक के लिए लॉकडाउन लगा दिया गया है। इन दोनों यूरोपीय देशों में रोजाना रिकॉर्ड संख्या में नए मामले पाए जा रहे हैं।

जर्मनी में महामारी से निपटने के लिए गत मार्च में पहली बार लॉकडाउन लगाया गया था। हालांकि दूसरी बार के लॉकडाउन में उतनी सख्ती नहीं की गई है, जितनी पहले दौर में की गई थी। इस बार स्कूल, गैर जरूरी कारोबार और सैलून खुले रहेंगे। इस देश में गत शनिवार को पहली बार 19 हजार से ज्यादा नए मामले पाए गए थे। जबकि सोमवार को 12 हजार 97 मामलों की पुष्टि की गई। जर्मनी में अब तक कुल पांच लाख 44 हजार कोरोना रोगी मिले हैं। इनमें से दस हजार से ज्यादा की मौत हुई है।

इधर, फ्रांस में हालात ज्यादा खराब हो गए हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि देशभर में रविवार को 46 हजार 290 पॉजिटिव केस पाए गए। एक दिन पहले 35 हजार से अधिक मामलों की पुष्टि हुई थी। शुक्रवार को 49 हजार से ज्यादा मामले मिले थे। जबकि गत 25 अक्टूबर को रिकॉर्ड 52 हजार संक्रमित पाए गए थे। इस यूरोपीय देश में कुल 14 लाख दस हजार से ज्यादा मामले मिले हैं। जबकि 37 हजार से अधिक की मौत हुई है।

स्पेन में कर्फ्यू प्रभावी रखने को पुलिस कर रही गश्त

स्पेन में भी दूसरे दौर की कोरोना महामारी बढ़ गई है। इस पर अंकुश पाने के लिए देशभर में रात का कफ्र्यू लगा दिया गया है। कफ्र्यू के दौरान पुलिस गश्त करती है। कैटेलोनिया क्षेत्र के पुलिस प्रमुख एडवर्ड सेलेंट ने कहा, 'ये उपाय लोगों की जिंदगियों को बचाने के लिए किए जा रहे हैं।' स्पेन में 12 लाख 60 हजार से ज्यादा मामले मिले हैं।

विश्वभर में कोरोना महामारी से जुड़े प्रमुख बिंदु

ब्राजील : इस लैटिन अमेरिकी देश में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा एक लाख 60 हजार के पार हो गया। कुल 55 लाख से ज्यादा संक्रमित मिले हैं।

कंबोडिया : देश में गत मार्च से बंद रहे स्कूलों को सोमवार से खोल दिया गया। संक्रमण रोकने के नए उपायों के साथ स्कूल के घंटे कम किए गए हैं।

Next Story