युद्धपोत लॉन्चिंग के दौरान क्षतिग्रस्त, किम जोंग उन ने वैज्ञानिकों और सेना की बुलाई बैठक

उत्तर कोरिया। नौसेना को उस समय करारा झटका लगा जब देश का नया 5000 टन वजनी विध्वंसक युद्धपोत लॉन्चिंग के दौरान ही बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। यह घटना चोंगजिन पोर्ट पर बुधवार को हुई, जहां नेता किम जोंग उन खुद मौजूद थे। बताया जा रहा है कि यह युद्धपोत रूसी मदद से तैयार किया गया था। हादसे पर भड़कते हुए तानाशाह किम जोंग उन ने वैज्ञानिकों और सेना के अधिकारियों पर ऐक्शन लेने के लिए आपात बैठक बुलाई है।
उत्तर कोरियाई सरकारी एजेंसी KCNA के मुताबिक, युद्धपोत को रैंप से नीचे उतारते वक्त संतुलन बिगड़ गया। फ्लैटकैप समय पर नहीं चला, जिससे जहाज झुक गया और उसका नीचला हिस्सा दबकर टूट गया। किम ने इस हादसे को "गंभीर दुर्घटना और आपराधिक लापरवाही" बताया।
उन्होंने वैज्ञानिकों, सेना अधिकारियों और शिपयार्ड कर्मचारियों पर "बिल्कुल गैरजिम्मेदार और अवैज्ञानिक रवैये" का आरोप लगाया। साथ ही इस चूक पर चर्चा के लिए वर्कर्स पार्टी की आपात बैठक बुलाने का आदेश दिया। यह पोत उत्तर कोरिया की पहली आधुनिक विध्वंसक श्रेणी का हिस्सा था, जिसका अनावरण 25 अप्रैल को किया गया था। इसे न्यूक्लियर क्रूज़ और बैलिस्टिक मिसाइलों से लैस करने की योजना थी। किम ने इसके मिसाइल परीक्षणों की निगरानी भी की थी और इसे अगले साल से नौसेना में शामिल किया जाना था।





