रूस की ओर से यूक्रेन के खिलाफ युद्ध लड़ने वाली प्राइवेट आर्मी वैगनर ग्रुप ने कर दिया विद्रोह

मॉस्को | क्रेन में पिछले 16 महीनों से रूस लगातार युद्ध लड़ रहा है। लेकिन अभी तक इसका कोई परिणाम नहीं निकला है। इस बीच रूस की सत्ता से पुतिन की पकड़ छूट सकती है। रूस की ओर से यूक्रेन के खिलाफ युद्ध लड़ने वाली प्राइवेट आर्मी वैगनर ग्रुप ने विद्रोह कर दिया है। पुतिन ने वैगनर ग्रुप के बॉस येवगेनी प्रिगोझिन पर देशद्रोह, सशस्त्र विद्रोह शुरू करने और पीठ में छुरा घोंपने का आरोप लगाया है। रूस के सबसे महत्वपूर्ण लोगों में से एक प्रिगोझिन का कहना है कि वह सैन्य तख्तापलट नहीं बल्कि न्याय के लिए मार्च कर रहे हैं।
महीनों तक प्रिगोझिन ने यूक्रेन पर रूस के आक्रमण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने रूसी जेलों से हजारों लोगों को अपने वैगनर ग्रुप में भर्ती किया। प्रिगोझिन का लंबे समय से सैन्य प्रमुखों के साथ विवाद रहा है, लेकिन अब यह विवाद विद्रोह का रूप ले चुका है। रिपोर्ट्स के मुताबिक वैगनर सेनाएं कब्जे वाले पूर्वी यूक्रेन से रूस के बड़े दक्षिणी शहर रोस्तोव-ऑन-डॉन में घुस गई हैं। वैगनर ग्रुप का दावा है कि उसने यहां सैन्य क्षेत्रों को अपने कब्जे में ले लिया है। राष्ट्रपति पुतिन का कहना है कि ये मुश्किल स्थिति है, लेकिन रूस की रक्षा के लिए वह हर कदम उठाएंगे।