विश्व

यूक्रेन को अमेरिका देगा एक अरब डॉलर की सैन्य सहायता के साथ, अतिरिक्त 4.5 बिलियन

Renuka Sahu
9 Aug 2022 1:21 AM GMT
US will provide one billion dollars in military aid to Ukraine, an additional 4.5 billion
x

फाइल फोटो

रूस और यूक्रेन के बीच पिछले करीब सात महीनों से लगातार युद्ध छिड़ा हुआ है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। रूस और यूक्रेन के बीच पिछले करीब सात महीनों से लगातार युद्ध छिड़ा हुआ है। ऐसे में विश्व के कई देशों ने युद्धग्रस्त देश यूक्रेन को बड़े पैमाने पर सैन्य सहायता उपलब्ध कराई है। सोमवार को अमेरिका ने यूक्रेन के लिए नई सैन्य सहायता के तहत एक अरब डॉलर की घोषणा की है। नई घोषणा के तहत यूक्रेन की सेना को अमेरिकी रक्षा विभाग से सीधे रॉकेट, गोला-बारूद और अन्य हथियारों की अबतक की सबसे बड़ी डिलीवरी होगी।

4.5 अरब डालर की अतिरिक्त आर्थिक मदद
अमेरीका की ओर से दी जा रही सैन्य सहायता में हाई मोबिलिटी आर्टिलरी रॉकेट सिस्टम (HIMARS) के साथ ही हजारों आर्टिलरी राउंड, मोर्टार सिस्टम और अन्य गोला-बारूद शामिल होंगे। सैन्य कमांडरों के मुताबिक रूस और यूक्रेन के बीच जंग में HIMARS और आर्टिलरी सिस्टम महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, यूक्रेन की आंतरिक व्यवस्थाओं को सुचारु रखने के लिए अमेरिका उसे 4.5 अरब डालर की अतिरिक्त आर्थिक मदद देगा। यह धनराशि अमेरिका का वित्त मंत्रालय विश्व बैंक के साथ मिलकर देगा।
यूक्रेन की 55 प्रतिशत आबादी गरीबी रेखा के नीचे
फरवरी में युद्ध शुरू होने के बाद से अमेरिका यूक्रेन की आंतरिक व्यवस्थाओं के लिए लगातार आर्थिक मदद दे रहा है। यूएस एजेंसी फार इंटरनेशनल डेवलपमेंट के जरिये अमेरिका अभी तक इस मद में 8.5 अरब डालर की मदद यूक्रेन को दे चुका है। अब 4.5 अरब डालर की मदद और दी जाएगी। इसमें से तीन अरब डालर अगस्त में दिए जाएंगे। यह मदद यूक्रेन को गैस व बिजली की उपलब्धता, अस्पताल, स्कूल और अन्य जरूरी सुविधाओं पर खर्च के लिए दी जाएगी। करीब छह महीने से जारी युद्ध ने यूक्रेन की आर्थिक स्थिति जर्जर कर दी है। विश्व बैंक का अनुमान है कि 2023 के अंत तक यूक्रेन की 55 प्रतिशत आबादी गरीबी रेखा के नीचे होगी। जबकि युद्ध से पहले देश की महज 2.5 प्रतिशत आबादी ही गरीब थी।
Next Story