विश्व

UNGA ने दिया अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन को आब्जर्वर का दर्जा, तिरुमूर्ति ने बताया ऐतिहासिक निर्णय

Sarita
10 Dec 2021 10:19 AM IST
UNGA ने दिया अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन को आब्जर्वर का दर्जा, तिरुमूर्ति ने बताया ऐतिहासिक निर्णय
x

फाइल फोटो 

संयुक्त राष्ट्र महासभा ने अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन को आब्जर्वर का दर्जा दिया है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) ने अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन (आइएसए) को आब्जर्वर का दर्जा दिया है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी राजदूत टी एस तिरुमूर्ति ने गुरुवार को ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है। इसे ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए तिरुमूर्ति ने कहा कि आइएसए वैश्विक ऊर्जा वृद्धि और विकास को लाभ पहुंचाने के लिए साझेदारी के माध्यम से सकारात्मक वैश्विक जलवायु कार्रवाई का एक उदाहरण बन गया है।

तिरुमूर्ति ने अपने ट्वीट में कहा, 'अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन को आब्जर्वर का दर्जा देने का आज संयुक्त राष्ट्र महासभा ने ऐतिहासिक निर्णय लिया है। छह वर्षों में अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन वैश्विक ऊर्जा विकास और वृद्धि के लाभ के लिए साझेदारी के माध्यम से सकारात्मक वैश्विक जलवायु कार्रवाई का एक उदाहरण बन गया है। सभी सदस्य देशों को धन्यवाद।'

अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन (आइएसए) की चौथी आम सभा इससे पहले अक्टूबर में आयोजित की गई थी। असेंबली में कुल 108 देशों ने भाग लिया, जिसमें से 74 सदस्य देश और 34 आब्जर्वर और संभावित देश, 23 सहयोगी संगठन और 33 विशेष आमंत्रित संगठन शामिल थे। आइएसए के शुभारंभ की घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद ने नवंबर 2015 में फ्रांस के पेरिस में संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन के 21 वें सत्र में में की थी।
Next Story