विश्व

ब्रिटेन कीव में खोलेगा दूतावास, यूक्रेन में हमले तेज करेगा रूस, अमेरिका ने शुरू की हथ‍ियारों की आपूर्ति

Gulabi Jagat
22 April 2022 12:44 PM GMT
ब्रिटेन कीव में खोलेगा दूतावास, यूक्रेन में हमले तेज करेगा रूस, अमेरिका ने शुरू की हथ‍ियारों की आपूर्ति
x
यूक्रेन में हमले तेज करेगा रूस
कीव/मास्‍को, एजेंसियां। यूक्रेन में जल्द युद्ध खत्म होने के आसार नजर नहीं आ रहे। यूक्रेन की हफ्तों पुरानी मांग को स्वीकार करते हुए अमेरिका ने वहां पर भारी हथियारों की आपूर्ति शुरू कर दी है। बुधवार को 155 कैलिबर वाली 18 तोपों की पहली खेप यूक्रेन के पड़ोसी नाटो के सदस्य देश में पहुंच गई। बाकी की तोपें रास्ते में हैं। संभावना है कि एक-दो दिन में ये तोपें यूक्रेन की सेना को मिलनी शुरू हो जाएंगी। इस बीच अमेरिकी सैन्य प्रशिक्षक एक अन्य यूरोपीय देश में यूक्रेन के सैनिकों को इन तोपों को चलाने का प्रशिक्षण दे रहे हैं।
नई सैन्य सहायता देने का एलान
समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक गुरुवार को अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेन को 80 करोड़ डालर (करीब छह हजार करोड़ रुपये) की नई सैन्य सहायता देने का एलान किया है। जर्मनी ने भी यूक्रेन को भारी हथियार देने का संकेत दिया है। जबकि चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने यूक्रेन में युद्धविराम के प्रयासों की जरूरत बताई है। साथ ही रूस पर लगे प्रतिबंधों पर विरोध जताया है।
रूस ने हमले तेज करने का लिया फैसला
रूस ने अमेरिकी सैन्य सहायता के मद्देनजर यूक्रेन में हमले और तेज करने का फैसला किया है। इसके तहत उसने बीते 24 घंटे में यूक्रेन में टैक्टिकल ग्रुप की चार और बटालियन तैनात की हैं। इनमें एक बटालियन डोनबास इलाके में तैनात की गई है। टैक्टिकल ग्रुप की बटालियन में अत्याधुनिक हथियारों के साथ कमांडो होते हैं। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि रूस ने ऐसी 78 बटालियन पूर्वी और दक्षिणी यूक्रेन में तैनात की हैं।
Next Story