अलास्का शिखर सम्मेलन में यूक्रेन-रूस के बीच युद्धविराम पर चर्चा करेंगे ट्रंप

अमेरिका। 2022 में यूक्रेन और रूस के बीच जंग शुरू हुई थी. लेकिन अब तक इसका कोई परिणाम नहीं निकल सका है. इस जंग को रोकने के लिए कई देशों की ओर से प्रयास किए गए. हालांकि, कोई भी सफल नहीं रहा. युद्धविराम पर सहमति नहीं बन सकी. इस बीच कल, यानी 15 अगस्त को, अलास्का में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच होने वाली मुलाकात इस जंग के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
इस मुलाकात से पहले डोनाल्ड ट्रंप ने साफ-साफ शब्दों में पुतिन को कड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि मॉस्को अगर यूक्रेन के साथ शांति वार्ता में बाधा डालने की कोशिश करता हो तो इसके गंभीर परिणाम होंगे. पत्रकारों से बातचीत करते हुए ट्रंप ने कहा कि अगर अलास्का में होने वाली बैठक में कोई ठोस परिणाम नहीं निकलता है तो मॉस्को के ख़िलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे. शायद आर्थिक प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं.
हालांकि, ट्रंप की ओर से ये स्पष्ट नहीं किया गया कि किस तरह के आर्थिक प्रतिबंध लगाए जाएंगे या कब से लगाए जाएंगे. बस अभी आर्थिक प्रतिबंध लगाए जाने की बात कही गई है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि अलास्का में होने वाली बैठक दूसरे बैठक के लिए एक कदम होगा, जिसमें यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की भी शामिल होंगे. अगर पहली बैठक सकारात्मक रहती है तो हम फिर तुरंत दूसरी बैठक का आयोजन करेंगे. मैं इसे तुरंत ही करना चाहूंगा. अगर वह चाहे तो मैं उनके बीच होने वाली बैठक में शामिल हो जाऊंगा. ये उनके ऊपर है कि उन्हें मेरी मौजूदगी बैठक में चाहिए या नहीं.





