
अमेरिका। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि अमेरिका जल्द ही लैटिन अमेरिका में ड्रग तस्करी से जुड़े ठिकानों पर जमीनी हमले शुरू करेगा. हालांकि, ट्रंप ने यह साफ नहीं किया कि यह कार्रवाई कब और कहां होगी, लेकिन उन्होंने संकेत दिया कि यह सैन्य अभियान सिर्फ वेनेजुएला तक सीमित नहीं रह सकता. इस बीच, वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो हमले को लेकर साफ-साफ चेतावनी दे चुके हैं. मादुरो का कहना है कि वे धमकियों के आगे नहीं झुकेंगे.
राष्ट्रपति ट्रंप ने ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि अमेरिका अब ड्रग तस्करी के खिलाफ अपनी सैन्य कार्रवाई को जमीनी स्तर तक ले जा रहा है. ट्रंप ने कहा कि समुद्री रास्तों से अमेरिका में आने वाली 96 प्रतिशत नशीली दवाओं की सप्लाई को रोका जा चुका है और अब अगला फोकस जमीन के रास्तों पर होगा.
ट्रंप ने कहा, हमने पानी के रास्ते आने वाली 96 प्रतिशत ड्रग्स को खत्म कर दिया है. अब हम जमीन के रास्ते कार्रवाई शुरू कर रहे हैं. जमीन पर यह काफी आसान है और यह अब होने वाला है. हालांकि राष्ट्रपति ने एक बार फिर यह बताने से इनकार कर दिया कि यह जमीनी हमले कब शुरू होंगे, किन इलाकों में होंगे और किन देशों को सीधे तौर पर इसका सामना करना पड़ेगा. उन्होंने यह भी स्पष्ट नहीं किया कि क्या संबंधित देश अभी भी किसी तरह इस संभावित सैन्य कार्रवाई को टाल सकते हैं या नहीं.





