विश्व

ट्रंप ने जापान और साउथ कोरिया पर 25 फीसदी टैरिफ का किया ऐलान

Nilmani Pal
8 July 2025 6:25 AM IST
ट्रंप ने जापान और साउथ कोरिया पर 25 फीसदी टैरिफ का किया ऐलान
x

अमेरिका। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को एक बड़ा कदम उठाते हुए साउथ कोरिया, जापान, म्यांमार, लाओस, दक्षिण अफ्रीका, कजाकिस्तान और मलेशिया से आयात होने वाले उत्पादों पर भारी टैरिफ लगाने की घोषणा की. ट्रंप ने ये घोषणा सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर कई पोस्ट के जरिए की है. ट्रंप ने अपने इस फैसले को अमेरिका और इन देशों के बीच मौजूद व्यापार घाटे को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया. हालांकि, ट्रंप की ओर से 'स्वीकार करें या छोड़ दें' अल्टीमेटम के साथ इन देशों को टैरिफ लेटर को जारी किया गया है. जिसका उद्देश्य वार्ता में तेजी लाना और टैरिफ सिस्टम को आगे बढ़ाना है.

उन्होंने जोर देकर कहा कि ये टैरिफ दरें व्यापार घाटे को पूरी तरह खत्म करने के लिए आवश्यक दरों से काफी कम हैं. ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिका इन देशों के साथ व्यापार जारी रखने को तैयार है, बशर्ते ये अधिक निष्पक्ष और संतुलित हो.

ट्रंप ने अपने बयान में कहा, 'हम दक्षिण कोरिया और जापान के साथ लंबे समय से महत्वपूर्ण व्यापार घाटे का सामना कर रहे हैं. ये टैरिफ इस असंतुलन को ठीक करने का एक शुरुआती कदम हैं, ताकि अमेरिकी कारोबार और श्रमिकों को उचित अवसर मिल सकें.'अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सबसे पहले जापान और साउथ कोरिया पर टैरिफ बम फोड़ते हुए दोनों देशों के उत्पादों पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने का ऐलान किया. इसके बाद उन्होंने सिलसिलेवार तरीके से एक के बाद एक पत्र जारी कर अन्य पांच देशों के उत्पादों पर भी टैरिफ का ऐलान कर दिया.

शुरुआत में ट्रंप ने जापान और साउथ कोरिया पर 25-25% टैरिफ लगाने की घोषणा की थी. इसके कुछ घंटे बाद उन्होंने पांच अन्य देशों - म्यांमार, लाओस, दक्षिण अफ्रीका, कजाकिस्तान और मलेशिया पर भी भारी टैरिफ लगाने की घोषणा की. इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने पांच और देशों के राष्ट्र अध्यक्षों को पत्र जारी कर टैरिफ लगाने की घोषणा कर दी, जिसमें ट्यूनीशिया, इंडोनेशिया, बोस्निया, बांग्लादेश, सर्बिया, कंबोडिया और थाईलैंड शामिल हैं.


Next Story
null