विश्व

लेबनान के विदेश मंत्रालय ने यूक्रेन पर हमले की निंदा की, हैरानी जताते हुए रूसी दूतावास ने कही यह बात

Renuka Sahu
26 Feb 2022 1:24 AM GMT
लेबनान के विदेश मंत्रालय ने यूक्रेन पर हमले की निंदा की, हैरानी जताते हुए रूसी दूतावास ने कही यह बात
x

फाइल फोटो 

लेबनान के विदेश मंत्रालय ने यूक्रेन पर हमले की निंदा की है। इस पर हैरानी जताते हुए लेबनान में रूसी दूतावास ने कहा 'लेबनान के विदेश मंत्रालय के बयान से हम हैरान हैं।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। लेबनान के विदेश मंत्रालय ने यूक्रेन पर हमले की निंदा की है। इस पर हैरानी जताते हुए लेबनान में रूसी दूतावास ने कहा 'लेबनान के विदेश मंत्रालय के बयान से हम हैरान हैं। इस बयान ने हमें चौंका दिया। रूस ने लेबनानी गणराज्य की उन्नति और स्थिरता के लिए योगदान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी, लेकिन इस मामले में लेबनान ने तटस्थता की नीति छोड़कर रूस का विरोध किया। लेबनान ने गुरुवार को यूक्रेन पर रूस के आक्रमण की निंदा की थी और मास्को से अपने सैन्य अभियानों को तुरंत रोकने का आह्वान किया था।

यूक्रेन संकट के लिए अमेरिका, नाटो जिम्मेदार : वेनेजुएला
कराकास से मिली रायटर की खबर के अनुसार वेनेज़ुएला ने यूक्रेन संकट के लिए नार्थ अटलांटिक ट्रीटी आर्गनाइजेशन (नाटो) और अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया है। वेनेजुएला के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार देर रात कहा कि नाटो और अमेरिका ने डोनबास में लड़ाई खत्म करने के लिए किए गए 2014 के मिन्स्क समझौतों का उल्लंघन किया। इसी वजह से यह संकट उत्पन्न हुआ है।
रूस-यूक्रेन विवाद में तटस्थ रहेगा श्रीलंका
प्रेट्र के मुताबिक रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे सैन्य संघर्ष में श्रीलंका तटस्थ रहेगा। श्रीलंका के विदेश सचिव जयनाथ कोलंबेज ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा 'हम स्थिति (यूक्रेन में) देख रहे हैं। इस संघर्ष से श्रीलंका पर गंभीर आर्थिक प्रभाव पड़ेगा। हमें अपने ईंधन और गैस के लिए अधिक भुगतान करना होगा। हमारा चाय बाजार प्रभावित होगा। इसके बावजूद श्रीलंका किसी का पक्ष नहीं लेगा।'
ब्रिटेन लगाएगा और कड़े प्रतिबंध
वहीं ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जानसन ने कहा है कि ब्रिटेन रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव पर प्रत्यक्ष प्रतिबंध लगाएगा। नाटो नेताओं की बैठक को संबोधित करते हुए जानसन ने कहा कि उनकी सरकार रूस के नेताओं पर कड़े प्रतिबंध लगाएगी। जानसन ने रूस को 'स्विफ्ट' भुगतान मंच से हटाने की अपील की।
Next Story