
अमेरिका। Gun Violence का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है. इडाहो राज्य स्थित ट्विन फॉल्स के एक व्यस्त शॉपिंग इलाके में शनिवार दोपहर एक सिरफिरे ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दी. इस दिल दहला देने वाली घटना में कम से कम 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमलावर को ढेर कर दिया.
सीएनएन से बात करते हुए एक स्थानीय शहर अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 2:30 बजे हुई. हमलावर ने एक प्रसिद्ध 'इन-एन-आउट बर्गर' रेस्तरां के पास बने शॉपिंग एरिया में अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
वारदात की खबर मिलते ही पुलिस बल ने तुरंत इलाके की घेराबंदी की. हमलावर को सरेंडर करने के लिए कहा गया, लेकिन उसने फायरिंग जारी रखी. इसके बाद पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में हमलावर गोली लगने से मारा गया. घायल लोगों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है. पुलिस फिलहाल हमलावर की पहचान और हमले के कारणों की जांच में जुटी है.





