विश्व

लगातार बढ़ रहा अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव

Nilmani Pal
23 Nov 2025 7:55 AM IST
लगातार बढ़ रहा अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव
x

अमेरिका। अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच रहा है. चार वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि ट्रंप प्रशासन आने वाले दिनों में वेनेजुएला को लेकर नए चरण के ऑपरेशंस शुरू करने की तैयारी कर रहा है. हालांकि इन कार्रवाइयों के समय और दायरे को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि चर्चाएं बेहद गंभीर स्तर पर पहुंच चुकी हैं.

अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती चरण में कॉवर्ट ऑपरेशंस यानी गुप्त अभियानों की शुरुआत हो सकती है. हाल के हफ्तों में अमेरिकी सेना की कैरेबियन क्षेत्र में बढ़ती तैनाती को देखते हुए संभावित कार्रवाई की अटकलें तेज हो गई थीं. चारों अधिकारियों ने गोपनीयता के चलते नाम न उजागर करने की शर्त पर जानकारी साझा की. व्हाइट हाउस और CIA ने इस पर प्रतिक्रिया देने से इनकार किया है. वहीं ट्रंप प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने संकेत दिया कि वेनेजुएला के खिलाफ किसी विकल्प को नकारा नहीं जा सकता. उन्होंने कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप अमेरिका में ड्रग्स की बाढ़ रोकने और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए हर कदम उठाने को तैयार हैं."

अमेरिका लंबे समय से दावा कर रहा है कि मादुरो सरकार अवैध ड्रग व्यापार में शामिल है, जिसे मादुरो सिरे से खारिज करते रहे हैं. रॉयटर्स की रिपोर्ट में दो अधिकारियों के के हवाले से बताया गया है कि, ट्रंप प्रशासन ने विकल्पों में "मादुरो सरकार को उखाड़ फेंकने" की संभावना भी शामिल की है. मादुरो का कहना है कि अमेरिका उन्हें सत्ता से हटाना चाहता है, और वेनेजुएला की जनता और सेना इसका विरोध करेगी.

इस बीच, अमेरिकी FAA ने वेनेजुएला के ऊपर उड़ान भरने को "खतरनाक" बताते हुए सावधानी बरतने की चेतावनी दी. इसके बाद तीन अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों ने शनिवार को वेनेजुएला से उड़ानें रद्द कर दी हैं.


Next Story
null