विश्व

कोलंबस में पुलिस की गोली से किशोरी की मौत, सड़क पर उतरे अश्वेत नागरिक

Khushboo Dhruw
21 April 2021 6:23 PM GMT
कोलंबस में पुलिस की गोली से किशोरी की मौत, सड़क पर उतरे अश्वेत नागरिक
x
अमेरिका के कोलंबस में मंगलवार को पुलिस की गोली लगने से चाकू लहरा रही एक अश्वेत किशोरी की मौत हो गयी।

अमेरिका के कोलंबस में मंगलवार को पुलिस की गोली लगने से चाकू लहरा रही एक अश्वेत किशोरी की मौत हो गयी। बहुचर्चित जॉर्ज फ्लॉयड मामले में फैसला सुनाए जाने के कुछ समय बाद ही यह घटना हुई। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार रात की घटना के कुछ समय बाद ही उसका फुटेज जारी कर दिया। पुलिस ने मौजूदा प्रोटोकॉल से हटते हुए जल्दी ही फुटेज जारी कर दिया क्योंकि हाल ही में कई घटनाओं को लेकर पुलिस को आम लोगों की आलोचना का शिकार होना पड़ा है।

दस सेकेंड के एक वीडियो क्लिप में पुलिस अधिकारी को अपनी कार से बाहर आते और लड़की को चेतावनी देते हुए देखा जा सकता है। पुलिस अधिकारी ने चार गोलियां चलाई। इससे पहले 'कोलंबस डिस्पैच की खबर में कहा गया था कि अधिकारियों को फोन पर चाकू घोंपने की घटना की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शाम करीब पौने पांच बजे लड़की को गोली मारी।
खबर के अनुसार फोन करने वाले ने बताया था कि एक महिला उसे चाकू घोंपने का प्रयास कर रही थी। अखबार की खबर के अनुसार लड़की को अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना में कोई अन्य घायल नहीं हुआ। कोलंबस के महापौर एंड्रयू गिंथर ने किशोरी की मौत पर दुख जताया लेकिन उन्होंने पुलिस द्वारा गोलियां चलाए जाने का बचाव किया। इस घटना के बाद ढेरों की संख्या में अश्वेत नागरिक सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिए हैं।


Next Story