विश्व

तालिबान पाकिस्‍तानी सेना की इस करतूत पर भड़का, इमरान खान की सरकार को दी जवाबी हमले की दी चेतावनी

Renuka Sahu
26 Dec 2021 1:11 AM GMT
तालिबान पाकिस्‍तानी सेना की इस करतूत पर भड़का, इमरान खान की सरकार को दी जवाबी हमले की दी चेतावनी
x

फाइल फोटो 

पाकिस्तानी सेना द्वारा अफगानिस्तान के कुनार जिले में मोर्टार दागे जाने के बाद तालिबान ने पाकिस्तान को जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
जनता से रिश्ता वेबडेस्क। पाकिस्तानी सेना द्वारा अफगानिस्तान के कुनार जिले में मोर्टार दागे जाने के बाद तालिबान ने पाकिस्तान को जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है। इस घटना में एक नागरिक की मौत हो गई और अफगान पक्ष को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। समाचार एजेंसी एएनआइ की रिपोर्ट के मुताबिक तालिबान के एक शीर्ष कमांडर अबु दोजाना ने पाकिस्तान को चेतावनी दी कि उसे अफगान धरती पर गोलाबारी बंद कर देना चाहिए। यदि पाकिस्तानी सेना हमला बंद नहीं करती है तो अफगान पक्ष इसी तरह का जवाब देने के लिए तैयार है।
बाड़बंदी विवाद सुलझने का दावा
समाचार एजेंसी पीटीआइ के अनुसार, सीमा पर बाड़बंदी को लेकर पैदा हुए विवाद को पाकिस्तान व अफगानिस्तान द्वारा सुलझा लिए जाने का दावा किया गया है। डान समाचार पत्र के मुताबिक, एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि भविष्य में बाड़बंदी से जुड़े मसलों का उच्चस्तरीय समिति आपसी सहमति के आधार पर निपटारा करेगी। बुधवार को सीमा पर की जा रही बाड़बंदी को तालिबानी लड़ाकों ने रोक दिया था और कांटेदार तारों के बंडलों को अपने साथ ले गए थे। इससे दोनों देशों में तनाव पैदा हो गया था।
संयुक्त राष्ट्र कर सकता है आठ अरब डालर की मदद
एएनआइ के अनुसार, संयुक्त राष्ट्र (यूएन) अफगानिस्तान की अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने के लिए आठ अरब डालर (करीब 603 अरब रुपये) की मदद की योजना पर विचार कर रहा है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव के उप-विशेष प्रतिनिधि रमीज अल्कबरोव ने कहा, 'हम अफगानिस्तान की वैकल्पिक सरकार नहीं बनना चाहते हैं। लेकिन, पिछले वर्षो की प्राप्तियों को नुकसान से बचाने के लिए सिस्टम की मदद करना जरूरी है।'
तालिबान नेताओं को 90 दिनों के लिए मिली यात्रा प्रतिबंधों से छूट
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने 22 दिसंबर, 2021 से 21 मार्च, 2022 तक कुछ तालिबान नेताओं को यात्रा प्रतिबंधों से छूट प्रदान की है। इनमें अफगानिस्तान की कार्यवाहक सरकार के उप प्रधानमंत्री अब्दुल गनी बरादर व उप विदेश मंत्री शेर मुहम्मद अब्बास स्टैनिकजई शामिल हैं।
हवाई अड्डों के प्रबंधन के लिए फिलहाल समझौता नहीं
तालिबान ने कहा है कि अफगानिस्तान के पांच हवाई अड्डों के प्रबंधन के लिए तुर्की व कतर के साथ फिलहाल कोई समझौता नहीं हुआ है। परिवहन व नागर विमानन मंत्रालय इस मुद्दे पर देश की तकनीकी टीम के साथ विमर्श कर रहा है।
कई मंत्रालयों व चुनावी निकायों को भंग करेगा तालिबान
तालिबान ने कई मंत्रालयों और चुनावी निकायों को भंग करने का फैसला किया है। इनमें शांति व संसदीय मामलों के मंत्रालय तथा स्वतंत्र चुनाव आयोग व स्वतंत्र चुनाव शिकायत आयोग शामिल हैं। खामा प्रेस के अनुसार, मानवाधिकारों से जुड़े स्वतंत्र आयोग का नए नाम के साथ संचालन होगा।
तालिबान सरकार ने विश्व बैंक के कर्मचारियों को बर्खास्त किया
एएनआइ के अनुसार, तालिबान सरकार ने अफगानिस्तान में बड़ी संख्या में विश्व बैंक के कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया है, क्योंकि वह इन कर्मचारियों को आगे से वेतन देने में असमर्थ है। स्पुतनिक ने खबर दी है कि ग्रामीण पुनर्वास और विकास मंत्रालय ने कई कर्मचारियों को हटा दिया है। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि कितने कर्मचारियों को निकाला गया है।

Next Story