विश्व

न्यूयॉर्क टाइम्स स्क्वायर में चाकूबाजी, हमलावर की मौत

Gulabi Jagat
1 Sept 2026 7:53 AM IST
न्यूयॉर्क टाइम्स स्क्वायर में चाकूबाजी, हमलावर की मौत
x

न्यूयॉर्क: अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित मशहूर टाइम्स स्क्वायर में सोमवार दोपहर चाकूबाजी की घटना से हड़कंप मच गया। एक महिला ने अचानक दो लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। करीब चार मिनट तक चली तनावपूर्ण स्थिति के बाद पुलिस ने हमलावर को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना सोमवार शाम करीब 4 बजकर 36 मिनट पर टाइम्स स्क्वायर के सबसे व्यस्त इलाके में हुई। घटना के समय वहां बड़ी संख्या में पर्यटक, स्थानीय लोग और परिवार मौजूद थे। अधिकारियों ने बताया कि महिला हमलावर ने महज 20 सेकंड के अंतराल में दो लोगों पर चाकू से हमला किया।

न्यूयॉर्क पुलिस विभाग ने हमलावर की पहचान 49 वर्षीय पामेला सिस्नेरोस के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, उसने 32 वर्षीय महिला और 68 वर्षीय पुरुष को निशाना बनाया। हमले में महिला के पेट में चाकू लगा, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं पुरुष के पेट में भी चाकू लगा था। शुरुआत में उसकी हालत गंभीर बताई गई थी, हालांकि बाद में पुलिस ने उसकी स्थिति स्थिर बताई।

पुलिस के सामने चाकू लेकर खड़ी रही महिला

घटना के बाद सामने आए वीडियो में महिला गुलाबी रंग की शर्ट और जींस पहने हुए दिखाई दे रही है। उसके हाथ में चाकू था और वह पुलिस अधिकारियों के सामने खड़ी थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला ने चाकू छोड़ने से इनकार किया और अधिकारियों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।

पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पहले टेजर का इस्तेमाल किया, लेकिन इसका असर नहीं हुआ। इसके बाद महिला चाकू लहराते हुए आगे बढ़ती रही। खतरे को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने गोली चलाई। इसमें महिला घायल हो गई और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

मानसिक स्वास्थ्य रिकॉर्ड की जांच

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पामेला सिस्नेरोस का मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा पुराना रिकॉर्ड रहा है। शुरुआती जांच में वह भावनात्मक रूप से परेशान नजर आ रही थी। हालांकि, हमले के पीछे की स्पष्ट वजह अभी सामने नहीं आई है।

अधिकारियों ने कहा कि इस घटना को फिलहाल आतंकी हमला नहीं माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला ने अचानक हमला क्यों किया।

टाइम्स स्क्वायर दुनिया के सबसे व्यस्त पर्यटन स्थलों में से एक है, जहां हर दिन हजारों लोग पहुंचते हैं। ऐसे स्थान पर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने इलाके में जांच पूरी करने के बाद लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Next Story