
x
चांदी की चमक के साथ होगा BRICS मेहमानों का स्वागत
जयपुर/नई दिल्ली: राजधानी नई दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में भारतीय मेहमाननवाजी के साथ राजस्थान की पारंपरिक कारीगरी की भी खास झलक देखने को मिलेगी। सम्मेलन में आने वाले विदेशी राष्ट्राध्यक्षों और गणमान्य व्यक्तियों के लिए जयपुर की एक कंपनी ने विशेष सिल्वर-प्लेटेड टेबलवेयर और कटलरी तैयार की है। इसे बनाने में करीब 300 कारीगरों की टीम ने काम किया है। खास बात यह है कि टेबलवेयर को अलग-अलग व्यंजनों और डाइनिंग अनुभव को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है।
पारंपरिक कारीगरी और आधुनिक तकनीक का संगम
अरुण्स ग्रुप के सीईओ अरुण पाबुवाल और डायरेक्टर अंतरा पाबुवाल के मुताबिक BRICS सम्मेलन के विदेशी और विशिष्ट मेहमानों के लिए टेबलवेयर विशेष रूप से तैयार किया गया है। इसमें जयपुर की पारंपरिक हस्तकला को आधुनिक डिजाइन और तकनीक के साथ जोड़ा गया है। कारीगरों ने प्रत्येक वस्तु की डिजाइनिंग में इस बात का ध्यान रखा है कि वह केवल भोजन परोसने का साधन न रहे, बल्कि भारतीय कला और मेहमाननवाजी की कहानी भी पेश करे।
हर व्यंजन के लिए अलग डिजाइन
इस खास कलेक्शन की सबसे दिलचस्प बात यह है कि अलग-अलग तरह के भोजन के लिए टेबलवेयर की डिजाइन भी अलग रखी गई है। स्वागत पेय से लेकर मुख्य भोजन और मिठाई तक, डाइनिंग के प्रत्येक चरण के लिए विशेष डिजाइन तैयार किए गए हैं।
यहां तक कि व्यंजन की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि को भी डिजाइन से जोड़ने की कोशिश की गई है। उदाहरण के तौर पर रूसी व्यंजन परोसे जाने पर टेबलवेयर में उससे मेल खाती डिजाइन दिखाई दे सकती है, जबकि भारतीय भोजन के लिए भारतीय संस्कृति से प्रेरित सौंदर्य को प्राथमिकता दी गई है।
दिल्ली में जुटे दुनिया के बड़े नेता
भारत 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में 18वें BRICS Leaders' Summit की मेजबानी कर रहा है। सम्मेलन में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन और दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा सहित कई देशों के नेता हिस्सा ले रहे हैं। सम्मेलन का मुख्य आयोजन भारत मंडपम में हो रहा है। सुरक्षा के लिहाज से राजधानी में व्यापक इंतजाम किए गए हैं और प्रमुख होटलों तथा प्रतिनिधिमंडलों के आवागमन वाले मार्गों पर भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
खाने से लेकर स्वागत तक भारतीय अंदाज
BRICS प्रतिनिधियों के स्वागत के लिए दिल्ली के लग्जरी होटल भी खास तैयारियां कर रहे हैं। कहीं भारत के अलग-अलग क्षेत्रों के पारंपरिक व्यंजन मेन्यू में शामिल किए गए हैं तो कहीं खाने योग्य कमल, क्षेत्रीय मिठाइयां और विशेष रूप से तैयार स्वागत सामग्री के जरिए भारतीय संस्कृति पेश की जा रही है। इसी कड़ी में जयपुर में तैयार सिल्वर-प्लेटेड टेबलवेयर सम्मेलन की मेहमाननवाजी में एक और खास भारतीय रंग जोड़ रहा है।
दुनिया के सामने दिखेगा जयपुर का हुनर
जयपुर लंबे समय से आभूषण, धातु शिल्प और हस्तकला के लिए प्रसिद्ध रहा है। BRICS जैसे वैश्विक मंच पर यहां के करीब 300 कारीगरों द्वारा तैयार टेबलवेयर का इस्तेमाल स्थानीय शिल्प को अंतरराष्ट्रीय पहचान देने का अवसर भी है।
विदेशी मेहमान जब भारतीय व्यंजनों का स्वाद चखेंगे तो उनके सामने रखे टेबलवेयर में भी देश की कारीगरी दिखाई देगी। इस तरह BRICS सम्मेलन में कूटनीति और वैश्विक सहयोग के साथ भारत की ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा और जयपुर का हुनर भी दुनिया के सामने पेश होगा।
Next Story





