
वर्ल्ड | दक्षिण कोरिया के गंगवोन प्रांत के जंगलों में लगी भीषण आग को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस ने जानबूझकर आग लगाने के संदेह में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस घटना के कारण हजारों एकड़ जंगल जलकर राख हो गया, जबकि सैकड़ों लोगों को अपने घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा।
जांच में सामने आया है कि यह आग लापरवाही या किसी हादसे से नहीं, बल्कि जानबूझकर लगाई गई थी। संदिग्ध व्यक्ति, जिसकी पहचान उजागर नहीं की गई है, को पुलिस ने हिरासत में लिया है। सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयान के आधार पर उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
दक्षिण कोरिया की आपातकालीन टीमों ने हेलिकॉप्टर और दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिशें तेज कर दी हैं। स्थानीय प्रशासन ने आसपास के इलाकों को खाली करा लिया है और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है।
सरकार ने दिए सख्त निर्देश
राष्ट्रपति यून सुक-योल ने अधिकारियों को इस मामले की गहराई से जांच करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। दक्षिण कोरियाई प्रशासन अब आग से हुए नुकसान का आंकलन कर रहा है और पीड़ितों के लिए मुआवजा योजना पर विचार कर रहा है।





