विश्व

न्यूयार्क में अब तक 1345 लोगों को हो चुकी ये बीमारी, शहर में मंकीपाक्स को लेकर हेल्थ इमरजेंसी घोषित

Sarita
31 July 2022 9:04 AM IST
So far 1345 people have had this disease in New York, health emergency declared in the city regarding monkeypox
x

फाइल फोटो 

दुनियाभर में मंकीपाक्स के केस अब तेजी से बढ़ने लगे हैं। अमेरिका में भी मंकीपाक्स के काफी मामले सामने आए हैं।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। दुनियाभर में मंकीपाक्स के केस अब तेजी से बढ़ने लगे हैं। अमेरिका में भी मंकीपाक्स (Monkeypox) के काफी मामले सामने आए हैं। इसी को देखते हुए अब न्यूयार्क शहर में मंकीपाक्स बीमारी को सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल (पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी) घोषित कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार न्यूयार्क शहर ही अमेरिका में इस प्रकोप का 'केंद्र' रहा है।

डेढ़ लाख लोग खतरे में
न्यूयार्क के मेयर एरिक एडम्स और स्वास्थ्य आयुक्त अश्विन वासन ने इस इमरजेंसी की घोषणा की है। इसमें कहा गया है कि शहर के 1,50,000 निवासियों को संक्रमण का खतरा हो सकता है। इस घोषणा के तहत अब अधिकारियों को यह छूट होगी की वे शहर के स्वास्थ्य सिस्टम की कमियां दूर कर सकें और संबंधित आदेश जारी कर सकें ताकि मंकीपाक्स के प्रसार को धीमा करने में मदद मिल सके।
मंकीपाक्स के 1,345 मामले दर्ज
रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्रों द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार न्यूयार्क में शुक्रवार तक 1,345 मामले दर्ज किए गए थे। वहीं कैलिफ़ोर्निया 799 के साथ दूसरे स्थान पर था। पिछले दो दिनों में न्यूयार्क में कई अलर्ट जारी किए गए हैं। कैथी होचुल सरकार ने मंकीपाक्स को राज्य आपदा आपातकाल घोषित किया और राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने मंकीपाक्स को सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए खतरा बताया था।
WHO वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल कर चुका घोषित
बता दें कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने 23 जुलाई को मंकीपाक्स को वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया था। गौरतलब है कि यह बीमारी मध्य और पश्चिम अफ्रीका के कुछ हिस्सों में दशकों से स्थापित है, लेकिन यह अफ्रीका से बाहर इतने व्यापक रूप से नहीं फैली थी।
80 देशों में 22,000 से अधिक मामले, 78 की मौत
अब तक मई के बाद से लगभग 80 देशों में 22,000 से अधिक मंकीपाक्स के मामले सामने आए हैं। इनमें से लगभग 75 संदिग्ध मौतें अफ्रीका में हुई हैं, जिनमें से ज्यादातर नाइजीरिया और कांगो में हैं। शुक्रवार को, ब्राजील और स्पेन ने मंकीपॉक्स से जुड़ी मौतों की सूचना दी, जो पहली बार अफ्रीका के बाहर रिपोर्ट की गई थी। स्पेन में शनिवार को मंकीपाक्स से दूसरी मौत दर्ज की गई है।
Next Story