
x
WHO में शेख हसीना की बेटी का इस्तीफा
नई दिल्ली/ढाका: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की बेटी साइमा वाजेद ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्रीय निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका इस्तीफा ऐसे समय आया है जब WHO और बांग्लादेश के अधिकारियों की ओर से उनके खिलाफ कथित धोखाधड़ी और अन्य मामलों की जांच चल रही है। साइमा वाजेद ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है।
साइमा वाजेद ने फरवरी 2024 में WHO के दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्रीय निदेशक के रूप में पांच साल के कार्यकाल के लिए पदभार संभाला था। इस क्षेत्र में भारत और बांग्लादेश समेत 11 देश शामिल हैं और इसकी आबादी दो अरब से अधिक है। WHO में क्षेत्रीय निदेशक का पद सार्वजनिक स्वास्थ्य नीतियों और स्वास्थ्य आपात स्थितियों से निपटने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
जुलाई 2025 में छुट्टी पर भेजी गई थीं साइमा
रिपोर्ट के मुताबिक साइमा को पहली बार जुलाई 2025 में छुट्टी पर भेजा गया था। इससे पहले बांग्लादेश के भ्रष्टाचार निरोधक आयोग ने मार्च 2025 में उनके खिलाफ कथित धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़े आरोप लगाए थे। बाद में उन्हें अवैतनिक प्रशासनिक अवकाश पर रखा गया। WHO की ओर से साइमा पर चीन की यात्रा से संबंधित वित्तीय मामले और अपनी शैक्षणिक योग्यता को गलत तरीके से पेश करने के आरोप भी लगाए गए। उनके इस्तीफे के पत्र के अनुसार WHO ने बांग्लादेश में एक जमीन कथित रूप से अवैध तरीके से हासिल करने का मुद्दा भी उठाया था। हालांकि साइमा ने इन आरोपों को खारिज किया है।
चीन यात्रा से जुड़े मामले पर उनके वकीलों का कहना है कि यह नियमित यात्रा प्रतिपूर्ति की प्रक्रिया में एक सहायक की प्रशासनिक चूक थी और इसमें 901 डॉलर की राशि शामिल थी। शैक्षणिक योग्यता से जुड़े आरोप पर साइमा का कहना है कि उन्हें बांग्लादेश में ऑटिज्म पर किए गए काम के लिए मानद डॉक्टरेट मिली थी और उन्होंने इस बारे में WHO नेतृत्व को जानकारी दी थी।
इस्तीफे में WHO नेतृत्व पर उठाए सवाल
अपने इस्तीफे में साइमा वाजेद ने WHO के महानिदेशक टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयेसस के नेतृत्व पर भरोसा खोने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि करीब एक साल तक बिना वेतन रहने के कारण उनकी वित्तीय स्थिति मुश्किल हो गई थी और इन परिस्थितियों में उन्होंने पद छोड़ने का फैसला किया। रिपोर्ट के अनुसार WHO अब दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्रीय निदेशक के लिए नए चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक नामांकन अक्टूबर में शुरू हो सकते हैं और जनवरी 2027 में चुनाव होने की संभावना है।
Next Story





