विश्व

यूक्रेन के साथ युद्ध के बीच रूस ने परमाणु युद्ध की दी चेतावनी, सर्गेई का दावा- Third World War के लिए भड़का रहा

Gulabi Jagat
26 April 2022 2:04 PM GMT
यूक्रेन के साथ युद्ध के बीच रूस ने परमाणु युद्ध की दी चेतावनी, सर्गेई का दावा- Third World War के लिए भड़का रहा
x
सर्गेई का दावा- Third World War के लिए भड़का रहा
कीव (रायटर)। यूक्रेन के साथ युद्ध के बीच रूस ने परमाणु युद्ध की चेतावनी दी है। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने दावा किया है कि यूक्रेन तीसरे विश्व युद्ध के लिए भड़का रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में परमाणु युद्ध के खतरे को कमतर आंका नहीं जाना चाहिए। सर्गेई ने यह आरोप लगाया कि यूक्रेन को हथियार दे रहे पश्चिमी देश और नाटो रूस के खिलाफ छद्म युद्ध लड़ रहे हैं। इधर, यूक्रेन पर रूस के हमले को दो महीने पूरे हो गए। रूसी सेना अब पूर्वी यूक्रेन को निशाना बना रही है। इस इलाके में हवाई हमलों के साथ ही मिसाइलें भी दागी जा रही हैं।
समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, रूसी विदेश मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, सर्गेई ने एक इंटरव्यू में कहा कि नाटो सेना हथियार उपलब्ध कराकर आग में घी डालने का काम कर रही है। उन्होंने कहा, 'ऐसा प्रतीत होता है कि पश्चिम चाहता है कि यूक्रेन युद्ध जारी रहे।' सर्गेई ने यूक्रेनी नेताओं पर आरोप लगाया कि वे नाटो को युद्ध में शामिल होने के लिए कहकर रूस को उकसा रहे हैं।
उन्होंने कहा, 'नाटो प्रभावी रूप से रूस के साथ युद्ध में शामिल है और पर्दे के पीछे से हथियार मुहैया करा रहा है। हर कोई यही कह रहा है कि हम किसी भी स्थिति में तीसरे विश्व युद्ध की अनुमति नहीं दे सकते।' सर्गेई के इस बयान के जवाब में यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने कहा, 'रूस हमारे देश का समर्थन कर रही दुनिया को डराने की आखिरी उम्मीद खो चुका है। इसलिए वह तीसरे विश्व युद्ध के खतरे की बात कर रहा है। इसका मतलब है कि रूस को यूक्रेन में हार का आभास है।'
क्रेमिन्ना पर रूस का कब्जा
ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि यूक्रेनी शहर क्रेमिन्ना पर रूसी बलों ने कब्जा कर लिया है। ब्रिटिश मंत्रालय ने यह जानकारी मंगलवार को ट्वीट के जरिये दी। ट्वीट में कहा, 'क्रेमिन्ना पर कब्जे की खबर है और इजियम में बड़े पैमाने पर लड़ाई चल रही है। जबकि रूसी बल पूर्वी यूक्रेन के स्लोवियांस्क और क्रामटोरस्क की तरफ बढ़ रहे हैं।' क्रेमिन्ना यूक्रेन की राजधानी कीव से करीब 575 किलोमीटर दूर है। इधर, रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि यूक्रेन के सात बंदरगाहों पर 18 देशों के 76 पोतों को रोका गया है।
यूएन प्रमुख ने की संघर्ष विराम की अपील
इस बीच संयुक्त राष्ट्र (यूएन) प्रमुख एंटोनियो गुटेरस मंगलवार को मास्को में रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से मुलाकात की और यूक्रेन में संघर्ष विराम की अपील की। गुटेरस ने कहा कि यूक्रेन में चल रही लड़ाई का दुनिया के विभिन्न हिस्सों में खाद्य सुरक्षा पर पड़ रहे प्रभाव को कम करना चाहते हैं। यूएन महासचिव इसी हफ्ते यूक्रेन की राजधानी कीव भी जाएंगे।
Next Story