विश्व

विक्ट्री डे पर रूस ने दुनिया को दिखाई अपनी ताकत, रूस पर हमले की साजिश रच रहे थे पश्चिमी देश

Neha Dani
9 May 2022 10:27 AM GMT
विक्ट्री डे पर रूस ने दुनिया को दिखाई अपनी ताकत, रूस पर हमले की साजिश रच रहे थे पश्चिमी देश
x
पुतिन ने अपने भाषण में यूक्रेन को लेकर अपनी योजना का बहुत कम खुलासा किया है।

रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन ने राजधानी मास्‍को के लाल चौक पर आयोजित विक्‍ट्री डे परेड में पश्चिमी देशों पर जोरदार निशाना साधा। पुतिन ने कहा कि पश्चिमी देश यूक्रेन के जरिए रूस पर हमले की साजिश रच रहे थे। उन्‍होंने कहा कि रूस के सैनिक देश की सुरक्षा के लिए अब यूक्रेन में लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्‍होंने कहा क‍ि रूसी सेना ने पश्चिमी देशों की नीतियों के खिलाफ सही समय पर और आवश्‍यक जवाबी कार्रवाई की है। पुतिन ने अपने भाषण को अपेक्षा के व‍िपरीत बहुत छोटा रखा।

पुतिन ने कहा कि नाटो हमलावर है जबकि रूस हालात को सुधारने के लिए प्रयास कर रहा है। उन्‍होंने यूक्रेन में चलाए जा रहे विशेष सैन्‍य अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह एक सही फैसला है। उन्‍होंने नए नाजियों के खिलाफ जीत का प्रण लिया। रूसी राष्‍ट्रपति ने कहा कि यूक्रेन पर फांसीवादी ताकतों ने कब्‍जा कर लिया था। उन्‍होंने कहा कि आज हमारे सैनिक अपने दादा और परदादा जिसके लिए लड़े थे, उसकी रक्षा करने के लिए लड़ रहे हैं।
नाटो देश हमें सुनना तक नहीं चाहते थे: पुतिन
उन्‍होंने कहा कि पश्चिमी देश हमारी सीमा पर खतरा पैदा कर रहे थे और हमारी जमीन पर कब्‍जा करने की तैयारी कर रहे थे। उन्‍होंने आरोप लगाया कि पश्चिमी देश उनके बातचीत के प्रस्‍ताव को सुनना तक नहीं चाहते थे। पुतिन ने कहा, 'नाटो देश हमें सुनना तक नहीं चाहते थे। उनकी कुछ अलग ही योजना थी और हम उसे देख सकते थे।' रूसी राष्‍ट्रपति ने कहा कि रूस ने हमलावरों को करारा जवाब दिया है और हमें ऐसा करने के लिए मजबूर किया गया।
उधर, पुतिन के इस बयान पर यूक्रेन के राष्‍ट्रपति जेलेंस्‍की ने भी पलटवार किया है। जेलेंस्‍की ने कहा कि हम बच्‍चों की आजादी के लिए लड़ रहे हैं और इसलिए हम जीतेंगे। हम यह नहीं भूलेंगे कि हमारी पूर्वजों ने द्वितीय विश्‍वयुद्ध में क्‍या किया था जिसमें 80 लाख यूक्रेनी लोग मारे गए थे। बहुत जल्‍द ही यूक्रेन में दो विक्‍ट्री डे मनाए जाएंगे। हम जीतेंगे। हम अब जीतेंगे।
'रूसी सेनाएं नाजीवाद के खिलाफ लड़ाई जारी रखे हुए हैं'
पुतिन ने कहा कि रूस की सेनाएं यूक्रेन में मातृभूमि की रक्षा के लिए लड़ रही हैं और एक पूरी तरह से अस्‍वीकार्य खतरे से सुरक्षा कर रही हैं। पुतिन ने कहा कि यूक्रेन में रूसी सेनाएं नाजीवाद के खिलाफ लड़ाई जारी रखे हुए हैं। उन्‍होंने कहा कि वैश्विक युद्ध की विभ‍िषिका से बचने के लिए सबकुछ किया जाना चाहिए। अमेरिकी विशेषज्ञों का कहना है कि पुतिन ने अपने भाषण में यूक्रेन को लेकर अपनी योजना का बहुत कम खुलासा किया है।


Next Story