विश्व

न्यू ईयर के जश्न के दौरान विस्फोट, पुलिस अधिकारी की मौत

Nilmani Pal
1 Jan 2026 7:17 AM IST
न्यू ईयर के जश्न के दौरान विस्फोट, पुलिस अधिकारी की मौत
x
पढ़े पूरी खबर

सीरिया। उत्तरी शहर अलेप्पो में एक आत्मघाती हमलावर ने सुरक्षा बलों पर हमला किया। इस घटना में एक सुरक्षा अधिकारी की मौत हो गई और 2 अन्य घायल हो गए। सीरियाई गृह मंत्रालय और राज्य मीडिया ने इस हमले के बारे में जानकारी दी है। हमला बाब अल-फराज इलाके में हुआ, जो शहर के ऐतिहासिक केंद्र के पास एक व्यस्त क्षेत्र है। हमला उस वक्त हुआ जब सुरक्षा बल नववर्ष समारोह की सिक्योरिटी में लगे हुए थे।

अलेप्पो के गवर्नर अजाम अल-गरीब ने एक बयान में कहा कि पुलिस गश्ती दल शहर में नए साल के जश्न की सुरक्षा में तैनात था, तभी उन्होंने हमलावर को देखा और उसका पीछा किया। उन्होंने कहा कि एक पुलिस ने हमलावर को शारीरिक रूस से पकड़ लिया जिसके बाद उसने धमाका कर खुद को उड़ा लिया। उन्होंने बहादुर सुरक्षाकर्मी की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्थिति नियंत्रण में है।

गृह मंत्रालय के प्रवक्ता नूरेद्दीन अल-बाबा ने सरकारी टीवी को बताया कि प्रारंभिक जांच में हमलावर का वैचारिक या संगठनात्मक संबंध दाएश (ISIS) से होने की संभावना है। हमलावर पास के ईसाई इलाके या चर्चों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहा था। अभी तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। यह घटना ऐसे समय हुई है, जब सीरिया में दाएश के हमले फिर से बढ़े हैं। हाल ही में 13 दिसंबर को एक हमलावर ने अमेरिकी सैनिकों पर हमला किया था, जिसमें 2 अमेरिकी सैनिक और एक नागरिक मारे गए थे। अमेरिकी सेना ने सीरिया में ISIS के कई ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं जिनमें कई आतंकी मारे गए हैं।

इसके अलावा हाल ही में होम्स शहर की अलावी मस्जिद में धमाका हुआ था जिसमें कम से कम 8 लोग मारे गए थे और 18 अन्य घायल हुए थे। सराया अंसार अल-सुन्ना नाम के एक समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी और संकेत दिया कि उसका इरादा अलावी संप्रदाय के सदस्यों को निशाना बनाना था, जो शिया इस्लाम की एक शाखा है।


Next Story
null