
थाईलैंड | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो दिवसीय यात्रा पर थाईलैंड पहुंचे, जहां उनका स्वागत भव्य तरीके से किया गया। बैंकॉक एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए थाईलैंड के उपप्रधानमंत्री प्रसर्ट जंतररुआंगटों पहुंचे। पीएम मोदी के सम्मान में मंत्रोच्चार हुआ और भारतीय प्रवासियों ने 'मोदी-मोदी' के नारे लगाए, जिससे पूरा माहौल भारतीय संस्कृति के रंग में रंग गया। इस खास अवसर पर थाईलैंड की प्रसिद्ध रामायण 'रामकियेन' का विशेष प्रदर्शन किया गया
जिसे पीएम मोदी ने बड़े ध्यान से देखा। इसके अलावा, गरबा और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। अपनी यात्रा के दौरान पीएम मोदी थाईलैंड के प्रधानमंत्री और अन्य शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात करेंगे, जिसमें व्यापार, सुरक्षा और सांस्कृतिक रिश्तों को और मजबूत करने पर चर्चा होगी। पीएम मोदी भारतीय समुदाय से भी संवाद करेंगे और थाईलैंड के राजा महा वजीरालोंगकोर्न से मुलाकात करेंगे। यह दौरा दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक संबंधों को नई ऊंचाई देने का एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





