PM मोदी ने फ्रांस में भारत-फ्रांस संबंधों को बताया मजबूत और साझा मूल्यों पर आधारित

Nice : फ्रांस के नीस में 'भारत इनोवेट्स 2026' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी की गहराई पर ज़ोर दिया। उन्होंने दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को "जुड़ाव और विश्वास", "नवाचार और प्रेरणा" और "साझा मूल्यों और साझा विज़न" पर आधारित बताया।
फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की मौजूदगी में लोगों को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देशों के बीच साझेदारी व्यापार और रणनीतिक हितों से कहीं आगे की है और यह भविष्य के लिए एक साझा विज़न से प्रेरित है।
पीएम मोदी ने कहा, "भारत और फ्रांस के बीच इस रिश्ते में जुड़ाव भी है और विश्वास भी। इस रिश्ते में नवाचार भी है और प्रेरणा भी। इस रिश्ते में साझा मूल्य भी हैं और साझा विज़न भी।"
उन्होंने आगे कहा, "दुनिया भर में देश एक-दूसरे के साथ व्यापार करते हैं और रणनीतिक साझेदारी बनाते हैं। हालाँकि, कुछ रिश्ते साझा हितों से आगे बढ़कर होते हैं - वे एक साझा विज़न से प्रेरित होते हैं। भारत और फ्रांस के बीच की साझेदारी इसका एक उदाहरण है।"
पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों ने संयुक्त रूप से यहाँ 'भारत इनोवेट्स 2026' सम्मेलन का उद्घाटन किया, जिसमें भारत, फ्रांस और कई अन्य देशों के प्रमुख स्टार्टअप, इनोवेटर और वेंचर कैपिटल फंड शामिल हुए।
दोनों देशों के बीच बढ़ते सहयोग पर प्रकाश डालते हुए, पीएम मोदी ने कहा कि भारत और फ्रांस ने लगातार एक साथ प्रगति की है और हाल के वर्षों में कई नई पहल शुरू की हैं।
प्रधानमंत्री ने 'भारत इनोवेट्स' पहल की शुरुआत का भी स्वागत किया, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच नवाचार और उद्यमिता में सहयोग को मज़बूत करना है।
उन्होंने कहा, "हमारे दोनों देश हमेशा एक साथ आगे बढ़े हैं। इसी साल 'भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष' (India-France Year of Innovation) की शुरुआत की गई थी।"
पीएम ने आगे कहा, "और आज, मुझे खुशी है कि हम फ्रांस के साथ मिलकर 'भारत इनोवेट्स' की भी शुरुआत कर रहे हैं।"
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए फ्रांसीसी राष्ट्रपति का आभार व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "मैं इस अवसर पर यहाँ आने के लिए अपने मित्र, राष्ट्रपति मैक्रों का बहुत-बहुत आभार व्यक्त करता हूँ।"
14 जून से 16 जून तक चलने वाला यह तीन दिवसीय नवाचार सम्मेलन भारतीय इनोवेटर्स को वैश्विक निवेशकों, उद्योग जगत के नेताओं और शैक्षणिक संस्थानों से जोड़ने के लिए एक सशक्त मंच के रूप में काम करता है। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों द्वारा संयुक्त रूप से की गई यह शुरुआत भारत-फ्रांस संबंधों में टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के बढ़ते महत्व को दर्शाती है। हाल के वर्षों में रक्षा और अंतरिक्ष से लेकर डिजिटल टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ा है।
इस कार्यक्रम में 120 से ज़्यादा भारतीय डीप-टेक स्टार्टअप और 15 से ज़्यादा प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थान (जिनमें टॉप IIT और अन्य रिसर्च संगठन शामिल हैं) हिस्सा ले रहे हैं।
भले ही यह सम्मेलन बड़े ग्लोबल समिट जितना मशहूर न हो, लेकिन डिप्लोमैटिक जानकारों की नज़र में यह भारत के लिए एक अहम लॉन्चपैड है। इसके ज़रिए भारत ग्लोबल ऑडियंस के सामने अपनी डीप-टेक क्षमताएं दिखा सकता है, इंटरनेशनल फंडिंग हासिल कर सकता है और उभरती हुई टेक्नोलॉजी में ज़रूरी पार्टनरशिप बना सकता है।





