विश्व

पाकिस्तान के गृहमंत्री ने बताया, इमरान खान कब और कैसे होंगे गिरफ्तार

Renuka Sahu
6 Jun 2022 3:56 AM GMT
Pakistans Home Minister told, when and how will Imran Khan be arrested
x

फाइल फोटो 

पाकिस्तान की राजनीति में उथल-पुथल का दौर खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। पाकिस्तान की राजनीति में उथल-पुथल का दौर खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। सत्ता से बाहर आते ही इमरान ने शाहबाज शरीफ की नवेली सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और लगातार सरकार को निशाने पर ले रहे हैं। इसी बीच काफी समय से यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि इमरान खान कभी भी गिरफ्तार हो सकते हैं। अब पाकिस्तान के गृहमंत्री ने खुद बताया है कि इमरान खान कब और कैसे गिरफ्तार हो सकते हैं।

दरअसल, पाकिस्तान के मौजूदा गृहमंत्री राणा सनाउल्लाह ने कहा है कि इमरान खान को दो जून को तीन सप्ताह की ट्रांजिट जमानत दी गई थी। 23 तारीख को उनकी जमानत समाप्त हो रही है, इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। डॉन ने अपनी एक रिपोर्ट में राणा सनाउल्लाह के हवाले से बताया है कि इमरान पर दंगा, देशद्रोह, अराजकता फैलाने के मामलों में दो दर्जन से अधिक केस दर्ज हैं।
सनाउल्लाह ने यह भी बताया कि इमरान खान के बानी गाला आवास के बाहर तैनात सुरक्षा अधिकारी अदालत द्वारा दी गई उनकी सुरक्षात्मक जमानत की अवधि समाप्त होने पर उन्हें गिरफ्तार करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि एक लोकतांत्रिक समाज में कोई ऐसा शख्स किसी राजनीतिक दल का मुखिया कैसे बन सकता है, जो लोगों को उकसाता हो और जिसने अपने विरोधियों को देशद्रोही बताते हुए नैतिक व लोकतांत्रिक मूल्यों को ताक पर रख दिया हो।
हालांकि गृहमंत्री ने कहा कि वह इमरान खान का इस्लामाबाद में स्वागत करते हैं। उन्हें कानून के मुताबिक सुरक्षा मुहैया कराई जा रही है। उधर शनिवार देर रात इस्लामाबाद पुलिस ने कहा था कि पेशावर से इमरान खान के इस्लामाबाद लौटने की संभावना को देखते हुए बानी गाला के घर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पूरे इलाके को हाई अलर्ट पर रखा गया है और धारा 144 लगा दी गई है।
वहीं इससे पहले इमरान की हत्या की भी आशंका लगाई गई थी। इमरान की हत्या की साजिश रचने की अफवाहों के बीच इस्लामाबाद पुलिस विभाग ने शनिवार रात कहा कि शहर के बानी गाला से सटे इलाकों में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। इस्लामाबाद पुलिस के प्रवक्ता ने शनिवार को कहा कि शहर में पहले ही धारा 144 लागू कर दी गई है और सभाओं पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
Next Story