विश्व

हवाई युद्ध में पिट गया पाकिस्तान फिर भी अकड़ कम नहीं, आसिम मुनीर दे रहा धमकी

Nilmani Pal
31 May 2025 7:36 AM IST
हवाई युद्ध में पिट गया पाकिस्तान फिर भी अकड़ कम नहीं, आसिम मुनीर दे रहा धमकी
x

दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के युद्ध विराम समझौते पर पहुंचने के कुछ सप्ताह बाद, पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने कहा है कि इस्लामाबाद दक्षिण एशियाई क्षेत्र में भारतीय आधिपत्य को कभी स्वीकार नहीं करेगा. उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान सिंधु जल संधि के मुद्दे पर कभी समझौता नहीं करेगा, क्योंकि यह सीधे तौर पर देश के 240 मिलियन नागरिकों के मौलिक अधिकारों से जुड़ा हुआ है. पाकिस्तानी सेना के मीडिया विंग इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के अनुसार, आसिम मुनीर ने ये टिप्पणियां विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपतियों, प्रधानाचार्यों, वरिष्ठ शिक्षकों और शिक्षाविदों के साथ चर्चा के दौरान कीं.

सिंधु जल संधि (Indus Water Treaty) को स्थगित करने के भारत के कदम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आसिम मुनीर ने इसे पाकिस्तान के लिए लक्ष्मण रेखा बताया और कहा कि इस्लामाबाद पानी से संबंधित मामलों पर कभी भी झुकेगा नहीं. मुनीर ने कहा, 'पानी पाकिस्तान की रेड लाइन है और हम 240 मिलियन पाकिस्तानियों के इस बुनियादी अधिकार पर कोई समझौता नहीं होने देंगे.' जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों द्वारा 26 पर्यटकों की हत्या के एक दिन बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (CCS) ने 1960 में हुई सिंधु जल संधि को निलंबित करने का निर्णय लिया था.

यह जानते हुए कि पाकिस्तान विक्टिम कार्ड खेलेगा, भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद की कूटनीति के लिए तथा सिंधु जल संधि के निलंबन पर अपना रुख स्पष्ट करने के लिए दुनिया के विभिन्न देशों में सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल भेजे हैं. सिंधु जल संधि छह नदियों- सिंधु, झेलम, चिनाब, रावी, ब्यास और सतलुज के पानी का भारत और पाकिस्तान के बीच बंटवारा और प्रबंधन पर आधारित है.

नई दिल्ली द्वारा संधि को निलंबित किए जाने के बाद पाकिस्तानी नेताओं ने बार-बार भारत को चेतावनियां जारी की हैं. पाकिस्तानी सेना के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने बलूचिस्तान की स्थिति के बारे में भी बात की, जहां बलूच विद्रोहियों के भीषण हमलों ने पाकिस्तान को हिलाकर रख दिया है.

Next Story
null