
विश्व की बड़ी खबर. पाकिस्तान और सऊदी अरब ने बुधवार को एक महत्वपूर्ण रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस समझौते का नाम "स्ट्रैटेजिक म्यूचुअल डिफेंस एग्रीमेंट" रखा गया है. इसके तहत तय हुआ है कि अगर किसी एक देश पर हमला होता है, तो उसे दोनों देशों पर हमला माना जाएगा.
यह समझौता प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की सऊदी अरब यात्रा के दौरान हुआ. वह रियाद पहुंचे जहां अल-यमामा पैलेस में क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान ने उनका स्वागत किया. पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि यह समझौता दोनों देशों की लगभग आठ दशकों पुरानी साझेदारी पर आधारित है, जिसे भाईचारे, इस्लामिक एकजुटता और साझा रणनीतिक हितों ने मजबूत बनाया है.
साझा बयान में बताया गया कि यह समझौता सिर्फ द्विपक्षीय सुरक्षा संबंधों को गहरा करने के लिए नहीं है, बल्कि इसका मकसद क्षेत्रीय और वैश्विक शांति में योगदान देना भी है. इसमें यह भी साफ कहा गया कि किसी भी देश के खिलाफ आक्रामकता को दोनों के खिलाफ आक्रामकता माना जाएगा.इस समझौते के ज़रिए रक्षा सहयोग को और मजबूत बनाने, संयुक्त प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने और किसी भी संभावित हमले से बचाव करने पर जोर दिया गया है.





