विश्व

भारत पर परमाणु हमले की धमकी, बोला पाक - आधी दुनिया को अपने साथ ले डूबेगा

Nilmani Pal
11 Aug 2025 6:41 AM IST
भारत पर परमाणु हमले की धमकी, बोला पाक - आधी दुनिया को अपने साथ ले डूबेगा
x

अमेरिका। पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने अमेरिका की धरती से भारत के खिलाफ परमाणु धमकी दी है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस्लामाबाद को भारत से अस्तित्व का खतरा महसूस हुआ, तो वह "आधी दुनिया को अपने साथ ले डूबेगा."

यह अपनी तरह का पहला मामला है जब किसी देश के सेना प्रमुख ने अमेरिकी धरती से किसी तीसरे देश के खिलाफ परमाणु धमकी दी हो. बिजनेसमैन और मानद वाणिज्य दूत अदनान असद द्वारा टैम्पा में आयोजित एक ब्लैक-टाई डिनर में पहुंचने मुनीर ने वहां मौजूद लोगों से कहा, "हम एक परमाणु संपन्न राष्ट्र हैं. अगर हमें लगा कि हम डूब रहे हैं, तो आधी दुनिया को अपने साथ ले डूबेंगे." मुनीर ने भारत के साथ चार दिनों के संघर्ष के बाद दो महीनों में अपनी दूसरी अमेरिकी यात्रा के दौरान सिंधु नदी के नियंत्रण को लेकर भारत पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा, "हम भारत के बांध बनाने का इंतजार करेंगे और जब वह ऐसा करेगा, तो हम इसे दस मिसाइलों से नष्ट कर देंगे."

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने आगे कहा, " सिंधु नदी किसी भारतीय परिवार की जागीर नहीं है. हमारे पास मिसाइलों की कोई कमी नहीं है, अल्हम्दुलिल्लाह." आसिम मुनीर ने भारत की तुलना “हाईवे पर दौड़ती मर्सिडीज” से और पाकिस्तान को “कंकड़-पत्थरों से भरे डंप ट्रक” से की. उन्होंने कहा, "भारत हाईवे पर फरारी की तरह चमकती हुई मर्सिडीज है, लेकिन हम बजरी से भरा एक डंप ट्रक हैं. अगर ट्रक कार से टकराता है, तो किसका नुकसान होगा?"

मुनीर ने दावा किया कि "भारत खुद को एक विश्व गुरु के रूप में पेश करना चाहता है, लेकिन वास्तव में वह इससे बहुत दूर है." उन्होंने कनाडा में एक सिख नेता की हत्या, कतर में आठ भारतीय नौसेना अधिकारियों की गिरफ्तारी और कुलभूषण जाधव मामले का जिक्र करते हुए दावा किया कि ये घटनाएं भारत की अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद में कथित संलिप्तता का "अकाट्य प्रमाण" हैं.

Next Story
null