विश्व

दुनिया में कोरोना से हाहाकार, अमेरिका में एक दिन में रिकॉर्ड 5.80 लाख मामले, यूरोप में भी कहर

Renuka Sahu
1 Jan 2022 5:42 AM GMT
दुनिया में कोरोना से हाहाकार, अमेरिका में एक दिन में रिकॉर्ड 5.80 लाख मामले, यूरोप में भी कहर
x

फाइल फोटो 

कोरोना का संकट 2022 में भी कायम है। नए साल के मौके पर दुनिया भर में जश्न फीका रहा।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। कोरोना का संकट 2022 में भी कायम है। नए साल के मौके पर दुनिया भर में जश्न फीका रहा। अमेरिका में लगातार तीसरे दिन 5.80 लाख से ज्यादा नए केस मिले हैं। इससे पहले भी 4.88 लाख नए केस पाए गए थे। अमेरिका में कोरोना की नई लहर ने संकट और गहरा दिया है। बड़ी आबादी के वैक्सीनेशन के बाद भी नए केसों के मिलने ने चिंताएं बढ़ा दी हैं। राहत की बात सिर्फ यह है कि ओमिक्रॉन वैरिएंट के मामले ज्यादा गंभीर नहीं हैं और उससे पीड़ित लोगों में मौत का जोखिम डेल्टा वैरिएंट के मुकाबले काफी कम है। यहां तक कि ओमिक्रॉन से पीड़ित लोगों को अस्पताल में भी ज्यादा भर्ती नहीं करना पड़ रहा है।

अमेरिका में बड़ी आबादी का पूरा टीकाकरण हो चुका है, इसके बाद भी सरकार की ओर से ओमिक्रॉन वैरिएंट के खतरे को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। नए साल के मौके पर कई पाबंदियां लागू थीं और लोगों से गले लगने एवं एक-दूसरे को किस करने से बचने को कहा गया है। यही नहीं अमेरिका में 1,000 से ज्यादा फ्लाइट्स को भी एहतियात के तौर पर कैंसिल किया गया है। अमेरिका के अलावा यूरोप के देशों में भी कोरोना का संकट काफी ज्यादा बढ़ गया है। फ्रांस, ब्रिटेन, इटली जैसे देशों में कोरोना की नई लहर कहर बरपा रही है।
फ्रांस में ओमिक्रॉन वैरिएंट के 2.3 लाख नए केस
फ्रांस में एक दिन में ही ओमिक्रॉन वैरिएंट के 2.3 लाख नए केस पाए गए हैं। देश में लगातार 1 लाख से ज्यादा नए मामले मिल रहे हैं। शुक्रवार को 2.32 लाख नए केस मिले हैं, जो एक दिन में मिले नए मामलों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले बुधवार को देश में 2.8 लाख से ज्यादा नए केस पाए गए थे। फ्रांस में 62 फीसदी नए मामले ओमिक्रॉन वैरिएंट के ही मिल रहे हैं। बीते सप्ताह के मुकाबले फ्रांस में नए केसों में 15 फीसदी का उछाल आया है।
ब्रिटेन और इटली में भी आए कोरोना के रिकॉर्डतोड़ केस
कोरोना संकट के चलते इटली और ब्रिटेन जैसे देशों में भी हालत खराब है। इटली में शुक्रवार को 1,44,243 नए केस मिले हैं। इससे पहले गुरुवार को भी 1,26,888 मामले पाए गए थे। इसके अलावा ब्रिटेन में भी संकट बरकरार है। शुक्रवार को देश में 1.89 लाख से ज्यादा नए केस मिले हैं। हालांकि सरकार ने पाबंदियों में इजाफा करने से इनकार कर दिया है।
Next Story