विश्व

निक्की हेली का बयान ट्रंप प्रशासन के लिए नसीहत

Nil dhankar
21 Aug 2025 7:46 AM IST
निक्की हेली का बयान ट्रंप प्रशासन के लिए नसीहत
x

अमेरिका। संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की पूर्व राजदूत निक्की हेली ने ट्रंप प्रशासन को चेतावनी दी है कि भारत-अमेरिका संबंध एक नाजुक मोड़ पर हैं और यदि वाशिंगटन को चीन की वैश्विक महत्वाकांक्षाओं को नियंत्रित करना है तो इन संबंधों को जल्द से जल्द सुधारना होगा. हेली ने बुधवार को न्यूजवीक में प्रकाशित एक लेख में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन को रूसी तेल के मुद्दे और टैरिफ विवाद को दुनिया की दो सबसे बड़ी लोकतांत्रिक शक्तियों के बीच दरार पैदा करने की अनुमित नहीं देनी चाहिए.

उन्होंने लिखा, 'संयुक्त राज्य अमेरिका को अपनी सबसे महत्वपूर्ण बात को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. चीन का सामना करने के लिए, अमेरिका को भारत जैसे एक दोस्त की जरूरत है.' राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा रूसी तेल ख़रीद जारी रखने के लिए नई दिल्ली पर 25 प्रतिशत पारस्परिक शुल्क और 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगाने के बाद तनाव बढ़ गया है. ये कदम महीनों तक चले तनाव के बाद उठाया गया, जिसमें भारत-पाकिस्तान सीजफायर वार्ता में अमेरिका की भूमिका पर दावे भी शामिल थे.

हेली ने ट्रंप के दबाव अभियान का समर्थन करते हुए कहा कि भारत की ऊर्जा खरीद 'यूक्रेन के खिलाफ व्लादिमीर पुतिन के क्रूर युद्ध को वित्तपोषित करने में मदद कर रही है' हालांकि, उन्होंने भारत के साथ दुश्मन जैसा व्यवहार करने के खिलाफ चेताया है. उन्होंने कहा, 'एशिया में चीनी प्रभुत्व के खिलाफ एकमात्र देश के साथ 25 वर्षों की प्रगति को नष्ट करना एक रणनीतिक आपदा होगी.'उन्होंने तर्क दिया कि वाशिंगटन के आर्थिक और सुरक्षा लक्ष्यों के लिए भारत जरूरी है, जहां अमेरिका अपनी आपूर्ति श्रृंखलाओं को चीन से दूर ले जाना चाहता है, वहीं भारत कपड़ा, फ़ोन और सौर पैनल जैसे उद्योगों के लिए 'चीन जैसे पैमाने पर' विनिर्माण क्षमता प्रदान करता है. उन्होंने भारत के अमेरिका और इज़रायल जैसे सहयोगियों के साथ बढ़ते रक्षा संबंधों को भी रेखांकित किया, जिसे उन्होंने मुक्त विश्व की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण संपत्ति बताया.

Next Story
null