
x
सजा से पहले निखिल गुप्ता का भावुक पत्र
नई दिल्ली: खालिस्तान समर्थक गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की कथित साजिश से जुड़े मामले में भारतीय मूल के निखिल गुप्ता ने अमेरिकी जज को पत्र लिखकर माफी मांगी है। गुप्ता ने पन्नू को मारने की साजिश में अपनी भूमिका स्वीकार की है। अमेरिका में चल रही न्यायिक प्रक्रिया के बीच उनका यह पत्र सामने आया है। यह मामला अमेरिका में रहने वाले पन्नू की हत्या की कथित योजना से जुड़ा है। अमेरिकी अभियोजकों ने निखिल गुप्ता पर हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया था। अब गुप्ता की ओर से अपनी भूमिका स्वीकार किए जाने और माफी मांगने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में है।
20 नवंबर को सुनाई जाएगी सजा
निखिल गुप्ता को अमेरिका की संघीय अदालत में 20 नवंबर 2026 को सजा सुनाई जानी है। इससे पहले उन्होंने अमेरिकी जिला न्यायाधीश विक्टर मारेरो को एक भावुक पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने अपने किए पर पछतावा जताते हुए जीवन में हुई गलतियों को स्वीकार किया है। गुप्ता ने पत्र में संकेत दिया है कि उन्होंने पन्नू के खिलाफ साजिश में अकेले काम किया था। उन्होंने वर्ष 2023 के अपने व्यवहार पर अफसोस जताया और कहा कि उस समय उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। उन्होंने अत्यधिक शराब के सेवन और निजी परेशानियों के कारण गलत फैसले लेने की बात भी स्वीकार की है। गुप्ता ने इच्छा जताई कि यदि संभव होता तो वह वर्ष 2023 में वापस जाकर अपनी गलतियों को सुधारना चाहते। उन्होंने अदालत से अपने व्यवहार के लिए माफी मांगी है।
फरवरी में स्वीकार किया था अपना अपराध
निखिल गुप्ता ने 13 फरवरी 2026 को अमेरिका की अदालत में अपने खिलाफ लगाए गए तीनों आरोपों में अपराध स्वीकार कर लिया था। इनमें सुपारी देकर हत्या कराने, हत्या की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश के आरोप शामिल हैं। अमेरिकी कानून के तहत सुपारी देकर हत्या कराने के आरोप में अधिकतम 10 साल की जेल की सजा का प्रावधान है। हत्या की साजिश के आरोप में भी अधिकतम 10 साल की सजा हो सकती है। वहीं, मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश के आरोप में अधिकतम 20 साल की सजा का प्रावधान है। निखिल गुप्ता को कितनी सजा मिलेगी, इसका अंतिम फैसला अमेरिकी अदालत करेगी।
जेल में योग और ध्यान का लिया सहारा
अमेरिकी जज को लिखे पत्र में गुप्ता ने हिरासत के दौरान अपने अनुभवों का भी उल्लेख किया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान थे। उन्हें अपने परिवार की चिंता सता रही थी। चेक गणराज्य की जेल में एकांत कारावास और बाद में अमेरिका की जेल में रहने के दौरान उन्होंने योग, ध्यान और आध्यात्मिक पुस्तकों का सहारा लिया। नियमित योग करने से उन्हें मानसिक शांति मिली और उनके व्यवहार में बदलाव आया। जेल में अन्य कैदियों और सुरक्षाकर्मियों के साथ भी उनके संबंध बेहतर हुए। उन्होंने पत्र में अपने परिवार को हुई परेशानियों पर दुख व्यक्त किया और भविष्य में जरूरतमंद लोगों की मदद करने की इच्छा जताई।
जून 2023 में चेक गणराज्य में हुई थी गिरफ्तारी
पन्नू की हत्या की साजिश से जुड़े मामले में निखिल गुप्ता को 30 जून 2023 को चेक गणराज्य में गिरफ्तार किया गया था। अमेरिकी अधिकारियों के अनुरोध पर यह गिरफ्तारी हुई थी। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी होने पर जून 2024 में उन्हें अमेरिका प्रत्यर्पित किया गया। अमेरिका पहुंचने के बाद उन्हें न्यूयॉर्क की संघीय अदालत में पेश किया गया था। शुरुआत में गुप्ता ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को स्वीकार नहीं किया था। हालांकि, फरवरी 2026 में उन्होंने अपना रुख बदलते हुए तीनों आरोपों में अपराध स्वीकार कर लिया। अमेरिकी न्याय विभाग का आरोप है कि गुप्ता ने भारत सरकार के एक तत्कालीन कर्मचारी विकास यादव सहित अन्य लोगों के साथ मिलकर न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या की योजना बनाई थी। भारत सरकार ने इस तरह की गतिविधियों को अपनी नीति के खिलाफ बताया है। भारत ने यह भी स्पष्ट किया था कि संबंधित अधिकारी अब सरकारी सेवा में नहीं है।
पन्नू को अदालत में बोलने का मौका देने की मांग
निखिल गुप्ता की सजा पर होने वाली सुनवाई से पहले अमेरिकी अभियोजकों ने अदालत में एक महत्वपूर्ण अनुरोध किया है। अभियोजन पक्ष ने गुरपतवंत सिंह पन्नू को अदालत के सामने अपना बयान देने के लिए करीब 20 मिनट का समय देने की मांग की है। इसके अलावा अभियोजकों ने सुनवाई के दौरान मामले से जुड़े कुछ ऑडियो और वीडियो साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए लगभग 15 मिनट का समय मांगा है। अमेरिकी अभियोजन पक्ष ने अदालत को यह भी बताया है कि सुनवाई के दौरान करीब 200 लोग उपस्थित हो सकते हैं। इसके लिए अतिरिक्त व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया है।
अदालत के फैसले को स्वीकार करने की कही बात
निखिल गुप्ता ने अपने पत्र में न्यायाधीश विक्टर मारेरो के प्रति विश्वास व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि अदालत जो भी फैसला सुनाएगी, वह उसे स्वीकार करेंगे। गुप्ता ने अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और भविष्य में दूसरों की सहायता करने की इच्छा भी जताई है। उन्होंने अपने वकीलों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हिरासत के दौरान मिले अनुभवों ने उन्हें अपने जीवन और व्यवहार पर विचार करने का अवसर दिया। फिलहाल सभी की निगाहें 20 नवंबर को होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं। इसी दिन अमेरिकी अदालत निखिल गुप्ता को सजा सुनाएगी।
Next Story





