
नई दिल्ली: पाकिस्तान में भारत विरोधी आतंकी संगठनों के प्रमुख चेहरों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक हाफिज सईद और जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मसूद अजहर को कथित तौर पर उनके पुराने ठिकानों से हटाकर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) के बेहद सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचा दिया गया है। मीडिया रिपोर्टों में खुफिया सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों को पिछले एक सप्ताह के दौरान अलग-अलग स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियां दोनों आतंकियों को लेकर किसी तरह का जोखिम नहीं उठाना चाहती हैं। इसके पीछे भारत की संभावित सैन्य कार्रवाई और पाकिस्तान में भारत विरोधी आतंकियों को निशाना बनाने वाले अज्ञात बंदूकधारियों का डर बताया जा रहा है। हालांकि, इन ठिकानों और स्थानांतरण की आधिकारिक स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है।





