
Kathmandu : नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल इस रविवार चीन की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। देश के विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी।मंत्रालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार, खनाल चीन की कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के पोलित ब्यूरो के सदस्य और चीन के विदेश मंत्री वांग यी के निमंत्रण पर "14 से 17 जून 2026 तक पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना की आधिकारिक यात्रा" करेंगे।नेपाल के विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, खनाल बीजिंग में अपने चीनी समकक्ष वांग यी के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे और "नेपाल-चीन संबंधों को और मजबूत करने तथा गहरे सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए आपसी हित के मामलों पर चर्चा करेंगे।" बयान में कहा गया है कि खनाल चीन के उच्च-स्तरीय अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे।
मार्च के अंत में मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद, नेपाल के विदेश मंत्री खनाल ने पिछले सप्ताह अपनी पहली विदेश यात्रा के तौर पर भारत का दौरा किया था। वे विदेश मंत्री एस. जयशंकर के निमंत्रण पर 5 जून से दिल्ली की यात्रा पर थे।
द्विपक्षीय बैठक में, नेपाली विदेश मंत्री ने अपने भारतीय समकक्ष के साथ भारत-नेपाल द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की, जिसमें विकास सहयोग, कनेक्टिविटी, व्यापार और पारगमन, ऊर्जा और लोगों के बीच संबंध शामिल थे।
उन्होंने आपसी हित के क्षेत्रीय और बहुपक्षीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया। मंत्रियों ने विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया और नवाचार और स्टार्टअप, डिजिटल और वित्तीय प्रौद्योगिकी, तथा प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की हालिया पहलों का स्वागत किया।
वे भारत-नेपाल की बहुआयामी साझेदारी को और बढ़ाने और इसे नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में प्रयासों को तेज करने पर सहमत हुए। दोनों मंत्रियों ने आपराधिक मामलों में भारत-नेपाल पारस्परिक कानूनी सहायता समझौते (MLAA) के लागू होने के लिए आंतरिक प्रक्रियाओं के पूरा होने का स्वागत किया।
यह समझौता भारत और नेपाल के लोगों को सीमा-पार अपराधों से संबंधित जांच, अभियोजन और न्यायिक कार्यवाही की प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए एक संस्थागत कानूनी ढांचा प्रदान करके लाभान्वित करेगा।
चर्चा के बाद, जयशंकर ने भारत की 2015 के बाद की भूकंप पुनर्निर्माण सहायता के तहत पूरी की गई 72 स्वास्थ्य सुविधाओं और 12 सांस्कृतिक विरासत परियोजनाओं को नेपाल को सौंपा। मंत्रियों ने भारत और नेपाल के बीच व्यक्तिगत स्तर पर पैसे भेजने (रेमिटेंस) की सुविधा के लिए भारत के यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) और नेपाल के नेशनल पेमेंट्स इंटरफेस (NPI) के बीच पीयर-टू-पीयर (P2P) लिंकेज की संयुक्त रूप से शुरुआत की।
मंत्रियों की मौजूदगी में 'वॉइस फर्स्ट' भाषा अनुवाद प्लेटफॉर्म के लिए नेशनल डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलकर विकसित करने के मकसद से डिजिटल इंडिया भाषिनी और काठमांडू यूनिवर्सिटी के बीच MoU पर हस्ताक्षर किए गए।
बातचीत गर्मजोशी भरे, दोस्ताना और रचनात्मक माहौल में हुई, जो दोनों देशों के बीच अनोखे और खास रिश्तों को दर्शाता है।
इस दौरे के दौरान खनाल ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से भी मुलाकात की।
'नेबरहुड फर्स्ट' (पड़ोसी पहले) नीति के तहत नेपाल भारत का एक अहम सहयोगी देश है, और इस दौरे ने दो करीबी और दोस्ताना पड़ोसियों के बीच नियमित उच्च-स्तरीय बातचीत की परंपरा को और मजबूत किया।
इससे दोनों देशों के लोगों की उम्मीदों को पूरा करने के लिए आपसी साझेदारी को बढ़ाने पर विचारों के आदान-प्रदान का मौका मिला और इन कोशिशों को नई ऊर्जा मिली।





