नॉर्थ साइप्रस में बड़ा समुद्री हादसा, नाव पलटने से 7 की मौत, 89 लापता

नॉर्थ साइप्रस में बड़ा समुद्री हादसा, नाव पलटने से 7 की मौत, 89 लापता
नॉर्थ साइप्रस: नॉर्थ साइप्रस के समुद्री इलाके में एक बड़ा हादसा सामने आया है। 260 से अधिक लोगों को लेकर जा रही एक कटमरैन शैली की नाव काइरेनिया पोर्ट से रवाना होने के कुछ समय बाद समुद्र में पलट गई। हादसे में कम से कम 7 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि 89 लोग लापता बताए जा रहे हैं। राहत एवं बचाव दल समुद्र में लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं।
Girne açıklarında meydana gelen elim gemi kazasının ardından oluşturduğumuz Kriz Masası ile süreci anbean takip ediyoruz.
— Ünal Üstel (@dtunalustel) August 30, 2026
Gemide bulunan toplam 267 kişiden 237’si ekiplerimiz tarafından kurtarılmıştır. Maalesef 7 kişi hayatını kaybetmiştir. Kayıp olan 23 kişiye ulaşmak için…
CNN Turk की रिपोर्ट के मुताबिक नॉर्थ साइप्रस के प्रधानमंत्री उनाल उस्टेल ने बताया कि हादसे के बाद अब तक 172 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है। नाव में चालक दल के सदस्यों समेत कुल 267 लोग सवार बताए गए हैं।
काइरेनिया पोर्ट से रवाना हुई थी नाव
प्रधानमंत्री उनाल उस्टेल के मुताबिक कटमरैन शैली की यह नाव काइरेनिया पोर्ट से रवाना हुई थी। तट से कुछ किलोमीटर दूर पहुंचने के बाद नाव डूबने लगी और बाद में पलट गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही संबंधित एजेंसियों ने बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। समुद्र में फंसे लोगों को निकालने के लिए कई नावों को घटनास्थल पर भेजा गया।
172 लोगों को सुरक्षित बचाया गया
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बचावकर्मियों ने 172 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया है। वहीं 89 लोगों का अभी पता नहीं चल पाया है। लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार चलाया जा रहा है।
तुर्की साइप्रस के परिवहन मंत्री एरहान अरिकली के मुताबिक घायलों को काइरेनिया पोर्ट तक पहुंचाने और वहां से स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
समुद्र में उल्टी दिखाई दी नाव
तुर्की टेलीविजन पर सामने आई तस्वीरों में नाव पानी में उल्टी पड़ी दिखाई दी। कुछ लोग लाइफ जैकेट पहने हुए नाव के ऊपर मौजूद नजर आए। आसपास कई दूसरी नावों को भी राहत एवं बचाव अभियान में शामिल होते देखा गया।
बताया गया कि हादसे के समय मौसम सामान्य था। ऐसे में नाव आखिर किन परिस्थितियों में पलटी, इसकी जांच की जाएगी।
अस्पतालों को किया गया अलर्ट
तुर्की साइप्रस के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि हादसे के बाद बचाव और स्वास्थ्य सेवाओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए जरूरी तैयारियां की गई हैं। इलाके के अस्पतालों को भी अलर्ट पर रखा गया है ताकि घायलों को आवश्यकता के अनुसार तत्काल चिकित्सा सुविधा दी जा सके।
हादसे के कारणों की होगी जांच
प्रधानमंत्री उनाल उस्टेल ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि संबंधित संस्थाएं राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हैं।
फिलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता लापता लोगों को तलाशना और समुद्र में फंसे यात्रियों को सुरक्षित निकालना है। इसके साथ ही नाव के पलटने के वास्तविक कारणों की जांच किए जाने की बात कही गई है।





