विश्व

सीरिया में गुप्त परमाणु सामग्री, हुआ बड़ा फैसला

Gulabi Jagat
11 Aug 2026 7:21 AM IST
सीरिया में गुप्त परमाणु सामग्री, हुआ बड़ा फैसला
x

दमिश्क। सीरिया के पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद के शासनकाल के दौरान चलाए गए कथित गुप्त परमाणु कार्यक्रम से जुड़ी कुछ परमाणु सामग्री को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, यह सामग्री एक गुप्त स्थान पर जमीन के अंदर दबाकर रखी गई है और अब इसे वहां से सुरक्षित तरीके से हटाने की तैयारी की जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी यानी IAEA जल्द ही इस मटेरियल को सुरक्षित तरीके से हटाने का काम शुरू कर सकता है.

इजरायल पिछले दो साल से सीरिया की एक जगह पर नजर रख रहा था. इसे 'साइट 99' कहा जाता है. अमेरिकी और इजरायली अधिकारियों के मुताबिक, असद सरकार ने यहां अल-किबर परमाणु परियोजना से जुड़ा कुछ मटेरियल छिपाकर रखा था.इस मटेरियल में 'येलोकेक' भी शामिल है. यह यूरेनियम से तैयार किया गया एक पाउडर होता है, जिसका इस्तेमाल आगे परमाणु ईंधन बनाने में किया जा सकता है. हालांकि अधिकारियों का कहना है कि साइट 99 में मौजूद मटेरियल से सीधे परमाणु हथियार बनाना संभव नहीं है.
मामला सीरिया के पुराने गुप्त परमाणु कार्यक्रम से जुड़ा है. असद सरकार ने अल-किबर में एक कथित गुप्त परमाणु रिएक्टर बनाया था. 2007 में इजरायल ने हवाई हमला करके इस साइट को नष्ट कर दिया था. इसके बाद भी परमाणु कार्यक्रम से जुड़ा कुछ मटेरियल और दूसरी जगहों पर मौजूद रहा. बाद में IAEA की जांच में सीरिया में यूरेनियम के कण भी मिले थे. इन कणों को लेकर लंबे समय तक सवाल उठते रहे.
रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायल को डर था कि सीरिया की नई सरकार या कोई दूसरा समूह साइट 99 में रखे मटेरियल तक पहुंच सकता है. इजरायल ने अमेरिका को बताया था कि वह इस परमाणु मटेरियल को वहां नहीं रहने देगा. इजरायल ने जरूरत पड़ने पर साइट पर दोबारा हमला करने की चेतावनी भी दी थी. इसके बाद अमेरिका ने इजरायल से सैन्य कार्रवाई नहीं करने को कहा और इस मामले में IAEA को शामिल किया गया.
करीब तीन हफ्ते पहले IAEA और सीरिया की नई सरकार के बीच एक समझौता हुआ. इसके तहत साइट 99 में मौजूद परमाणु मटेरियल को वहां से हटाया जाएगा. अभी मटेरियल को हटाया नहीं गया है और इसकी तैयारी चल रही है. अमेरिकी अधिकारियों को उम्मीद है कि जल्द ही यह प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और इस साल के अंत तक इसे पूरा किया जा सकता है.
Next Story