विश्व

जो बाइडन ने की यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से बात, सहायता जारी रखने का दिया आश्‍वासन

Gulabi Jagat
30 March 2022 4:57 PM GMT
जो बाइडन ने की यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से बात, सहायता जारी रखने का दिया आश्‍वासन
x
रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को आज 35वां दिन है
वाशिंगटन, एएनआइ। रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को आज 35वां दिन है। रूस लगातार यूक्रेन को निशाना बना रहा है। युद्ध के 35वें दिन रूस के यूक्रेन पर हमले जारी है। इसी बीच यूक्रेन में कई जगहों पर धमाकों की आवाज सुनी गई है। कीव, जाइटामिर, खारकीव, निप्रो और पोल्टावा ओब्लास्ट सहित देश भर के कई जगहों पर जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई दी है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की के साथ बुधवार को यूक्रेन के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका के निरंतर समर्थन पर चर्चा की। यह जानकारी व्हाइट हाउस कार्यालय ने दी।
बेनतीजा रही तुर्की में हुई वार्ता : क्रेमलिन
उधर, रूसी राष्ट्रपति के कार्यालय क्रेमलिन ने कहा कि तुर्की में रूस और यूक्रेन के बीच हुई वार्ता बेनतीजा रही है। हां, यूक्रेन की ओर से वार्ता में कुछ लिखित प्रस्ताव सौंपे गए हैं, जिन पर विचार करने का रूस से अनुरोध किया गया है। इसके अतिरिक्त दोनों देशों के बीच गतिरोध की स्थिति पहले की तरह बरकरार है। युद्धविराम के निर्णय तक पहुंचने के लिए दोनों पक्षों को अभी बहुत कार्य करने हैं। मंगलवार को इस्तांबुल में हुई बैठक में यूक्रेन के तटस्थ राष्ट्र बनाने पर भी चर्चा हुई। लेकिन उसके लिए यूक्रेन ने अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, तुर्की, चीन और पोलैंड का गारंटर ग्रुप बनाए जाने की बात कही।
भारत का बिना रोकटोक मानवीय सहायता पहुंचाने पर जोर
वहीं, भारत ने यूक्रेन के युद्धग्रस्त इलाकों में बिना रोकटोक मानवीय सहायता पहुंचाने पर जोर दिया है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने कहा कि भारत मौजूदा स्थिति पर बहुत चिंतित है, जो लगातार बिगड़ती जा रही है। तिरुमूर्ति ने कहा कि यूक्रेन में प्रभावित आबादी की मानवीय जरूरतों को पूरा करने की तत्काल आवश्यकता है। इसके अलावा, देश के कई शहरों में आज फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि हुई है।
Next Story